झारखंड: कांग्रेस विधायक का आरोप- सरकार गिराने के लिए मिल रहा 50 करोड़ का ऑफर
रांची, 25 जुलाई: झारखंड में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। शनिवार को झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिन पर जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने का आरोप है। इसके एक दिन बाद सिमडेगा जिले के कोलेबिरा से कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने नया खुलासा किया। विधायक का आरोप है कि हेमंत सोरेन की सरकार को गिराने के लिए उनको पैसे की पेशकश की जा रही थी। इसका आरोप भी बीजेपी पर लगा रहा है। हालांकि बीजेपी शुरू से इन आरोपों से इनकार कर रही है।

कोंगाड़ी के मुताबिक उन्हें सरकार गिराने के लिए 50 करोड़ रुपये और एक मंत्रालय का प्रलोभन दिया जा रहा है। इसके अलावा उनके पास कुछ लोग मिलने आए थे, उन्होंने कहा कि 11 विधायकों की व्यवस्था हो गई है। एक अन्य विधायक की जरूरत है, ऐसे में वो उनकी ओर आ जाएं। विधायक ने कहा उन्होंने उस ऑफर को अस्वीकार कर दिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह को मामले की जानकारी दी। फिर हाईकमान ने पूरे मामले से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत करवाया।
तीन लोगों के पास से नकदी भी बरामद
आपको बता दें कि शनिवार को रांची के एक प्राइवेट होटल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि तीनों झारखंड सरकार को गिराने की साजिश रच रहे थे। उनके पास से नगदी भी बरामद हुई है। गिरफ्तार हुए दो लोग अभिषेक दुबे और अमित सिंह सरकारी कर्मचारी हैं, जबकि तीसरा आरोपी निवारन प्रसाद महतो शराब बेचने का काम करता था। मामला सामने आने के बाद JMM महासचिव सुप्रिया भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी झारखंड में 'मध्य प्रदेश' और 'कर्नाटक मॉडल' को लागू करना चाहती है। जैसे वहां पर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराकर अलोकतांत्रिक तरीके से बीजेपी की सरकार बनाई गई, वैसे ही अब उनका झारखंड में करने का प्लान है, लेकिन वो बीजेपी को ऐसा नहीं करने देंगे।












Click it and Unblock the Notifications