"डबल इंजन की सरकार ने दोनों हाथों से झारखंड को लूटा", हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर साधा निशाना
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में बैठी सरकार जब अकेले झारखंड को नहीं लूट सकी तो डबल इंजन की सरकार बना कर दोनों हाथों से लूटा। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने किसानों, आदिवासियों, महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स) के जरिए हेमंत सोरेन ने बीजेपी को खूब खरी-खोटी सुनाई। अपने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "विपक्ष में बैठे लोग 13-14 साल तक जब एक हाथ से राज्य को लूट नहीं सके तो 2014 में डबल इंजन की सरकार ने राज्य को दोनों हाथों से लूटने का काम शुरू किया। उस समय स्थिति इतनी भयावह थी कि लोग भूखे मर जाते थे, लेकिन इनकी सरकारों के नाक, आंख, कान सब बंद थे। क्योंकि उस समय असंवेदनशील सरकार थी, जिन्हें राज्यवासियों से कोई मतलब नहीं था।"

हेमंत सोरेन ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए आगे लिखा, "आज आपकी सरकार संवेदनशीलता के साथ राज्य के लाखों लोगों को योजनाओं से जोड़ने का काम कर रही है। राज्य की 80 प्रतिशत आबादी गांव में रहती है इसलिए हम अपने गांव को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। झारखण्ड देश का पहला राज्य है जहां सभी जरूरतमन्दों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।" उन्होंने साथ ही यह भी बताया कि आसपास के राज्यों में लोगों को मिलने वाली पेंशन की राशि झारखंड में मिलने वाली राशि से काफी कम है।
इससे पहले देवघर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर कटाक्ष किया। सीएम ने कहा,"विपक्षियों को आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े, दलित, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के कल्याण से कोई सरोकार नहीं रहा है। 20 सालों में इन लोगों ने राज्य को खोखला कर दिया है। लंबे समय तक इनका शासन रहा, लेकिन ये पिछड़ेपन को दूर नहीं कर सके।" मुख्यमंत्री का कहना था कि बीजेपी ने राज्य को बीमारू बना दिया है। यही कारण है कि साधन संपन्न होने के बाद भी झारखंड देश के अतिपिछड़े राज्यों की श्रेणी में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि उन्होए सरकार पिछड़ेपन, गरीबी, बेरोजगारी को दूर करके झारखंड पर लगे पिछड़ेपन के कलंक को मिटाने का काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications