झारखंड विधानसभा चुनाव: जमीयत उलेमा का फरमान, मुस्लिमों से INDIA को वोट देने की अपील, लेटर वायरल
Jamiat Ulema Controversial Order: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव के लिए प्रदेश में सियासी दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच, लोहरदगा जिले में जमीयत उलेमा ने एक विवादास्पद आदेश जारी किया है, जिसमें मुस्लिम समुदाय से अपील की गई है कि वे अपना वोट "इंडिया" गठबंधन के उम्मीदवारों को ही दें। यह पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इस आदेश पर भारतीय जनता पार्टी ने जमकर हमला बोला है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर ट्वीट करते हुए जमीयत उलेमा के आदेश को लेकर तीखा हमला किया। उन्होंने लिखा, "क्या यह देश मुसलमानों के कानून से चलेगा? यह फतवा भारत की एकता और अखंडता पर प्रहार है।"

जमीयत उलेमा के आदेश में क्या कहा गया?
जमीयत उलेमा के आदेश में कहा गया है, "मौजूदा मुल्क के हालात को देखते हुए और केंद्र सरकार के मुसलमानों के प्रति रवैये के कारण, जैसे एनआरसी, यूनिफॉर्म सिविल कोड, वक्फ बोर्ड कानून और घुसपैठियों के डराने-धमकाने के कारण मुसलमानों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है, इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।"
आदेश में आगे कहा गया, "इस संदर्भ में 'जमीयत उलेमा झारखंड' से परामर्श लेने के बाद 'जमीयत उलेमा जिला लोहरदगा' ने मुसलमानों से अपील की है कि वे एकजुट होकर इंडिया गठबंधन को अपना वोट दें और इसे जीत दिलाएं।"
मुसलमान भारत के नागरिक हैं तो एनआरसी से क्यों डरते हैं? निशिकांत का सवाल
समाचार एजेंसी एएनआई से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि "जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने महाराष्ट्र में वही काम किया है, जो वे अब करने की कोशिश कर रहे हैं। झारखंड में हिन्दू समुदाय के लोग एनआरसी से नहीं डरते हैं। अगर मुसलमान भारत के नागरिक हैं तो एनआरसी से क्यों डरते हैं? इसका मतलब है कि वे बांग्लादेश, पाकिस्तान या किसी अन्य देश से आए घुसपैठिए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि केरल में वक्फ बोर्ड एक चर्च की संपत्ति पर अपना दावा करता है और कर्नाटक में वह एक मठ की संपत्ति पर अपना दावा करता है, यहां तक कि यह भी कहता है कि संसद भी उनकी है। INDI गठबंधन को जवाब देना चाहिए कि यह देश संविधान के अनुसार चलेगा या उसके अनुसार कुरान और वक्फ बोर्ड के लिए यह इस चुनाव में सबसे बड़े मुद्दों में से एक होने जा रहा है।
13 नवंबर को होगा पहले चरण का मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का शोर सोमवार (11 नवंबर) को थम गया। पहले चरण में राज्य की 43 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। इस चरण में कुल 15,344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 683 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1 करोड़ 37 लाख 10 हजार 717 मतदाता करेंगे। पहले चरण में वोट डालने वाले कुल मतदाताओं में 68 लाख 73 हजार 455 पुरुष, 68 लाख 36 हजार 959 महिलाएं और 303 थर्ड जेंडर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें 'मैं एक योगी हूं और देश पहले है', आतंकी कहने पर CM योगी का खड़गे को जवाब












Click it and Unblock the Notifications