झारखंडः रामनवमी जुलूस पर सरकार ने लगाई रोक, भाजपा ने कहा- सुप्रीम कोर्ट में जाएगा मामला
रांची। कोरोना की माहामरी को नियंत्रण में करने के लिए झारखंड की हेमंत सरकार ने रामनवमी जुलूस को लेकर बड़ा फैसला किया है। हेमंत सरकार ने रामनवमी के मौके पर जुलूस निकालने पर रोक लगा दिया है, जिसको लेकर भाजपा विरोध कर रही है। झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने को कहा है। हेमंत सरकार ने प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले को काबू में करने के लिए गाइडलाइंस जारी की है।

गाइडलाइंस के मुताबिक झारखंड में रामनवमी जुलूस पर रोक लगाई गई है। गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार के इस फैसले से असहमति जताते हुए कहा कि सारे विरोध के बाद भी जब बाबाधाम देवघर का मंदिर मैंने सुप्रीम कोर्ट से आदेश लेकर खुलवा दिया तो रामनवमी का पूरे झारखंड में जुलूस निकालने के लिए भी मैं सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगा। इसी बात पर सीएम हेमंत सोरेन से लड़ाई कर मैं और मेरा परिवार 22 केस लड़ रहा है और बाबा की कृपा से जीत हासिल भी कर रहा है। हिम्मते मरदा मद्दे खुदा।
बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार ने कई दिशा-निर्देश जारी किये। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर होली नहीं खेलने के निर्देश भी दिये गए। इसक अलावा सरहुल, शब-ए-बरात, नवरात्र, रामनवमी व ईस्टर सहित सभी त्योहारों के सार्वजनिक आयोजनों और जुलूस पर भी रोक लगा दी गई है। लेकिन रामनवमी व जुलूस पर रोक के विरोध में ही सियासत काफी तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications