लेडीबर्ड मिमिक स्पाइडर रांची के जंगल में मिली, दुनियाभर में सिर्फ 3 देशों में देखी गई है ऐसी मकड़ी
रांची। जो मकड़ी दुनिया के सिर्फ 3 देशों में है, वो झारखंड के रांची स्थित नामकुम के जंगल में पाई गई है। दुर्लभ प्रजाति की इस मकड़ी को "लेडीबर्ड मिमिक स्पाइडर" कहा जाता है। जीव वैज्ञानिकों का कहना है कि, इस प्रजाति की मकड़ी भारत में और कहीं नहीं है। रांची के जंगल में ये मकड़ी मिलने पर, अब जीव वैज्ञानिक रिसर्च करने में जुट गए हैं।

चीन-ताईवान और भारत में ही देखी गई
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व इस मकड़ी को वन्यप्राणी विशेषज्ञ सुनील कुमार ने अपने कैमरे में कैद किया था। इस पर, जीव वैज्ञानिक डॉ. मिथलेश दत्त द्विवेदी का कहना है कि, मकड़ी की यह प्रजाति देश में पहली बार मिली है। उन्होंने कहा कि, इसकी पुष्टि मकड़ियों पर शोध कर रहे महाराष्ट्र के डॉ. बोकडे (प्रो. जेडीपीएस कॉलेज दरियापुर, अमरावती) ने भी की है। भारत से पहले यह मकड़ी चीन, जापान और ताईवान में ही पाई जाती थी।
एक वैज्ञानिक ने कहा कि, जैव अनुसंधान के लिए भारत में इस मकड़ी का होना बहुत अच्छी बात है। ऐसा बताया जाता है कि, वर्ष 1960 में इस मकड़ी का नामकरण जापान ने किया था। उसके बाद यह 3 देशों में ही दिखती थी, लेकिन अब यह भारत में देखी गई है। तो न सिर्फ यह झारखंड, अपितु देश के लिए भी बढ़िया खबर है।
डॉ. द्विवेदी कहते हैं कि, पर्यावरण के लिए इस मकड़ी का मिलना अच्छा संकेत है। कीट-पतंगों को खाकर जंगल को सुरक्षित रखने में इस तरह की मकड़ी की खासा भूमिका होती है। अब यह जब रांची के जंगल में मिली है तो इस पर शोध होने चाहिए कि इस मकड़ी के बारे में और क्या खासियतें हैं। वैसे भी जंगल की अधिकतर मकड़ी जहरीली होती है, लेकिन इससे इंसानों को कोई खतरा नहीं रहता है।












Click it and Unblock the Notifications