दुर्गः तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बुधवार को तेज रफ्तार डंपर और बाइक की आमने-सामने से हुई टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और 6 वर्षीय बेटा शामिल है। वहीं 3 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। वहीं सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद जामुल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान भिलाई के कोहका थाना क्षेत्र के आर्यनगर के रहने वाले 33 वर्षीय अनिल सिन्हा, 30 वर्षीय उनकी पत्नी भारती सिन्हा और 6 वर्षीय उनेके बेटे आयुष के रूप में हुई है।

वहीं उनकी बेटी मिष्ठी गंभीर रूप से घायल है। दरअसल, पूरा परिवार बुधवार को बाइक से बेमेतरा जा रहे थे। दोपहर को अभी वे नवातिया, खेदामारा तिराहे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों लोग उछल कर सड़क पर जा गिरे और डंपर के नीचे आ गए। हादसे में अनिल, उनकी पत्नी भारती और बेटे आयुष की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि, मिष्ठी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही सीएसपी छावनी विश्वास चंद्राकर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने शवों को मोर्चरी में भिजवाया, वहीं बच्ची को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने बताया कि अनिल अपनी पत्नी और बच्चों को तीजा के अवसर पर ससुराल छोड़ने के लिए जा रहा था। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications