झारखंडः एचडीएफसी बैंक में काम कर रहे फाइनेंसकर्मी की चाकू मारकर हत्या
दुमका। झारखंड के दुमका जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नकटी गांव में सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान अभिमन्यू सिंह के रूप में हुई है, जो एचडीएफसी बैंक में फाइनेंस कर्मी के तौर पर काम करता था। वहीं बदमाशों ने हत्या की वारदात को सड़क हादसे क रूप देने के लिए शव को बीच सड़क पर रख दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदर जोड़ी मोहल्ले के रहने वाले बाबू सिंह का बेटा अभिमन्यू सिंह एचडीएफसी बैंक में फाइनेंस कर्मी के तौर पर काम करता था। उसका काम लोन लेकर किस्त न जमा करने वाले ग्राहकों की गाड़ियों को खींच कर लाना था। सोमवार की सुबह वह कार से दुमका वापस आ रहा था। इसी दौरान नकटीगांव के पास अज्ञात लोगों ने गाड़ी रोककर उस पर चाकू से कई बार हमला किया फिर मौत के घाट उतार दिया।
हत्या करने के बाद शव को सड़क पर रखकर अज्ञात बदमाश फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी एनके सिंह मौके पर दल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बैंक कर्मी की कमर के नीचे चाकू मारकर हत्या की गई है और मौत को सड़क हादसे का रूप देने के लिए बीच सड़क पर शव को रख दिया है। पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications