दुमकाः जमीनी विवाद में पिता-पुत्र की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
दुमका। झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र की नोनीहाट पंचायत के गरडी गांव में बुधवार को जमीन विवाद के चलते पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद हंसडीहा थाना प्रभारी आकृष्ट कुमार अमन मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस मामले में दोषी लोगों की पहचान कर गिरफ्तार करने में जुट गई है। हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मृतकों की पहचान 45 वर्षीय काशू सोरन और 16 वर्षीय विनोद सोरेन के रूप में की गई। थाना प्रभारी ने मामले को लेकर बताया कि गांव में दो पक्ष के बीच काफी दिन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों ही रिश्तेदार हैं। दोपहर को विवाद को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। मारपीट के दौरान लोगों ने पिता-पुत्र के सिर पर लाठी से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी।
चचेरे भाइयों के बीच जमीन का विवाद बीते 1994 से चला रहा था। कई बार मामला पुलिस तक पहुंचा। पंचायती भी गांव में हुई लेकिन दोनों के बीच समझौता नहीं हो पाया। आज पिता-पुत्र गांव पहुंचे थे और चचेरे भाइयों से अपनी जमीन का हिस्सा मांग रहे थे। इसी बीच तीन चचेरे भाइयों ने रॉड से पिता-पुत्र की मार कर हत्या कर दी।
गुमला में हादसा
वहीं गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के पुटो गांव स्थित खाकसी ढलान के पास मंगलवार की देर शाम टेंपो के पलटने से एक सवार की मौत हो गई। जबकि चार लोग जख्मी हो गए। दरअसल, 12 लोग सगाई से वापस आ रहे थे और इसी बीच टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान तिलसिरी गांव निवासी गंदरा उरांव (40) के रूप में की गई। घायलों में तिलसिरी निवासी जोगिंदर उरांव (30), बुधमनी उराइन (28), अंबाटोली निवासी सुशीला उराइन (50) और बिगनी उराइन (40) शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications