दुमकाः नाबालिग के साथ 9 से 10 लोगों ने किया गैंगरेप, सहेलियों के साथ गई थी मेला देखने
दुमका। झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहां एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ 9 से 10 लड़कों ने पूरी रात गैंगरेप किया और फिर सुबह के वक्त डरा-धमकाकर छोड़कर फरार हो गये। किशोरी ने थाना में दिये अपने आवेदन में बताया कि वह अपनी सहेली के साथ 10 दिन पहले मेला देखने महुलबोना गयी थी।

इसके बाद वहां से रात के 9 बजे दोनों सहेलियां अपने गांव के लोगों के साथ बातचीत करते हुए घर जा रहीं थीं। इसी दौरान जोघोड़ियश गांव पहुंचने पर देखा कि पीछे-पीछे आठ-दस लड़के आ रहे हैं। इस गांव में पहुंचने व बस्ती पार करने तक उसकी सहेली दूसरे लोगों से बात करते हुए आगे निकल गयी। उसे अकेला देख पीछे से आ रहे लड़कों ने उसे पकड़ लिया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गये।
मुंह दबा दिये जाने के चलते वह शोर भी मचा नहीं पाई। काफी मिन्नत के बाद भी उनलोगों ने उसे नहीं छोड़ा और उसके साथ मारपीट की और फिर सभी लड़कों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके साथ मैदान में रातभर दुष्कर्म होता रहा। दुष्कर्म के दौरान इन आठ-दस लड़कों में से किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।
किशोरी ने दुष्कर्म की इस वारदात के दौरान आपस में लिए गये नाम के आधार पर प्राथमिकी में पांच नाम की चर्चा की है। किशोरी का आरोप है कि उसके बैग से वे लड़के दो हजार रूपये भी छीनकर लेते गये। साथ ही धमकी दी कि किसी को बताओगी, तो जान से मार देंगे। वे उसके परिवार को भी नहीं छोड़ेंगे। किसी तरह सुबह वह अपने घर पहुंची।
घर में घटना के बारे में बताने से डर रही थी। लेकिन इसके बाद जब उसकी तकलीफ बढ़ने लगी और तबीयत खराब होने लगी तब उसने घटना की जानकारी अपनी बहन को दी। बहन ने सारी बात परिवार वालों को बताया, तब जाकर यह प्राथमिकी उसने दर्ज करायी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भादवि की धारा 341, 342, 323, 379, 376 डीए 506 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4/6के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications