Jharkhand: धनबाद के नर्सिंग होम में लगी भीषण आग, डॉक्टर पति-पत्नी सहित 5 लोगों की मौत
Dhanbad Hospital Fire: धनबाद के डीएसपी ने बताया कि मृतकों में अस्पताल का एक डॉक्टर और उनकी पत्नी सहित पांच लोग शामिल हैं। आग लगने का कारणों का अभी पता नहीं चला है।

Fire in Dhanbad Hospital: झारखंड के धनबाद से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट नर्सिंग होम के आवासीय परिसर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है। धनबाद के डीएसपी अरविंद कुमार बिन्हा ने इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि मरने वाले पांच लोगों में एक डॉक्टर, उनकी पत्नी, उनका भतीजा, एक अन्य संबंधी और उनका घरेलू नौकरानी शामिल हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रांची से करीब 170 किलोमीटर की दूरी पर स्थित धनबाद के बैंक मोड़ इलाके में एक नर्सिंग होम के स्टोर रूम में रात करीब 2 बजे आग लग गई। मृतकों में नर्सिंग होम के मालिक डॉक्टर विकास हाजरा, उनकी पत्नी डॉक्टर प्रेमा हाजरा, उनका भतीजा सोहन खमारी और घरेलू नौकरानी तारा देवी सहित एक अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। डॉक्टर विकास हाजरा का परिवार नर्सिंग होम में ही बने अपने घर में रहते थे।
धनबाद के एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी ने बताया कि स्टोर रूम में आग लगने के बाद दम घुटने से इन पांच लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में 6 लोगों की मौत की खबर है।
सीएम सोरेन ने ट्वीट कर जताया दुख
वहीं, इस घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा, 'धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपति डॉ. विकास और डॉ. प्रेमा हाजरा समेत कुल 6 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।'












Click it and Unblock the Notifications