धनबादः जिला जज की मौत का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट ने भी लिया स्वतः संज्ञान
धनबाद। बुधवार को धनबाद में जज की हुई मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। गुरुवार को पूर्व एडिशनल सॉलिसिटर जनरल विकास सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीर उत्तम आनंद की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। विकास सिंह ने कोर्ट में कहा कि न्यायपालिका को स्वतंत्र और न्यायिक अधिकारी को सुरक्षित होना चाहिए। कोर्ट में उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में लग रहा है कि यह हत्या की साजिश रची गई थी। फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि सड़क किनारे चल रहे जज को ऑटो ने जानबूझकर टक्कर मारी है।

Recommended Video
वहीं झारखंड उच्च न्यायालय ने भी धनबाद के जिला न्यायाधीश की कथित हत्या का स्वत: संज्ञान लिया है। मामले में सुनवाई चल रही है। बता दें कि बुधवार की देर रात को पुलिस ने जज उत्तम आनंद को टक्कर मारने वाले वाले ऑटो को बरामद कर लिया। जांच के दौरान पता चला है कि ऑटो मंगलवार को चोरी हो गई थी और बुधवार की सुबह 5 बजकर 8 मिनट पर जज उत्तम आनंद को टक्कर मार दी गई। वह सुबह के वक्त टहलने निकले थे।
घर से कुछ दूर पर ही वे खून से लथपथ मिले। डेढ़ घंटे के बाद कुछ युवकों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में घंटेभर इलाज के बाद उन्हें सर्जिकल आईसीयू में भर्ती किया गया और सुबह 9:30 बजे उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक और उसके दो सहयोगी को गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार सुबह धनबाद में एक सड़क हादसे में जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद की मौत की खबर सामने आई थी। बताया जा रहा था कि कल सुबह जब वो मार्निंग वॉक पर निकले थे तो उन्हें एक ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे वो सड़क पर गिर पड़े थे और गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें आस-पास के लोगों ने शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचाया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
मालूम हो कि उत्तम आनंद कई संगीन केस की सुनवाई कर रहे थे, जिसमें गैंगस्टर अमन सिंह का भी केस शामिल है। इस घटना की जांच कर रही पुलिस के हाथ अब एक सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें दिख रहा है कि जज बहुत स्लो स्पीड में जॉगिंग कर रहे थे लेकिन अचानक पीछे से एक ऑटो आकर उन्हें जोरदार टक्कर मारता है और इसके बाद चालक वहां से तेजी से भाग निकलता है। टक्कर लगते ही जज सड़क पर गिर पड़ते हैं। इस फुटेज के बाद जज की हत्या की आशंका जताई जा रही है। ये हादसा जज के घर से आधा किमी की दूरी पर हुआ था।
बता दें कि न्यायाधीश उत्तम आनंद ने छह माह पहले ही धनबाद के न्यायाधीश के रूप पदभार ग्रहण किया था। इसके पूर्व वह बोकारो के जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे। इस पूरे मामले पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने धनबाद डीसी एवं धनबाद पुलिस को ट्वीट कर इस मामले में उच्च स्तरीय जांच समिति बनाकर इस घटना की जांच करने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications