स्वाति गुप्ता: पंचायत चुनाव ड्यूटी में कोरोना संक्रमित हुई शिक्षिका, डोली उठने से 7 दिन पहले उठी अर्थी
जौनपुर, मई 02: उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव ड्यूटी में लगे कई टीचर अपनी जान गंवा चुके हैं। ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए कई शिक्षकों की मौतों का सिलसिला जारी है। जौनपुर में शिक्षक स्वाति गुप्ता की शादी से सात दिन पहले मौत हो गई। स्वाति गुप्ता को पंचायत चुनावों के लिए ड्यूटी पर रहते हुए कोरोना संक्रमण हुआ था। वह बुलंदशहर में तैनात थीं। बताया जा रहा है कि स्वाति गुप्ता ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक आवेदन भी भेजा था, जिसमें चुनाव ड्यूटी से छूट देने का अनुरोध किया गया था।
Recommended Video

बुलंदशहर में तैनात थीं स्वाति गुप्ता
जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर की रहने वाली स्वाति गुप्ता बुलंदशहर में तैनात थीं। वह बुलंदशहर में पंचायत चुनावों के लिए प्रशिक्षण ले रही थीं। इसी दौरान वह कोरोना की चपेट में आ गईं। 14 अप्रैल को मतदान से एक दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया। स्वाति की देखभाल के लिए मां और भाई भी मेरठ पहुंचे। स्वाति की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। 23 अप्रैल को उसने अंतिम सांस ली। बता दें, स्वाति की शादी 30 अप्रैल को होनी थी।

ड्यूटी से छूट देने का किया था अनुरोध
स्वाति गुप्ता ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक आवेदन भी भेजा था, जिसमें चुनाव ड्यूटी से छूट देने का अनुरोध किया गया था। स्वाति का विवाह मध्य प्रदेश के रीवा के पन्नालाल गुप्ता के पुत्र पंकज गुप्ता (सहायक अध्यापक) के साथ तय था। 30 अप्रैल को शादी होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सभी बुलंदशहर में प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात बेटी स्वाति गुप्ता के आने का इंतजार कर रहे थे। डोली उठने से पहले ही स्वाति की अर्थी उठी। स्वाति की मौत से उनके परिवार के लोग सदमे में हैं। परिवार के सदस्यों के आंसू थम नहीं रहे हैं।

'577 टीचर्स की गई जान'
बता दें, बीते दिनों उत्तर प्रदेश शिक्षक संघ ने राज्य निर्वाचन आयोग को 577 टीचर और सपोर्ट स्टाफ की लिस्ट सौंपी थी। कहा गया कि इन लोगों ने पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवा दी। यूपी शिक्षा महासंघ (UPSM) के अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने 71 जिलों के 577 बेसिक शिक्षा शिक्षकों के नाम दिए हैं, जो कोविद-19 महामारी में मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications