Jaunpur News: बदमाशों ने सपा विधायक के करीबी को मारी गोली, पुरानी रंजिश में दिया घटना को अंजाम
जौनपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव के करीबी को सोमवार की दोपहर में बदमाशों ने गोली मार दी। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

Jaunpur जनपद के लाइव बाजार थाना अंतर्गत चांदपुर बालू मंडी के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को सोमवार दोपहर में गोली मार दी। गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए रेफर कर दिया।

तीन गोली लगने के चलते हालत गंभीर
जानकारी अनुसार जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत चांदपुर में स्थित बालू मंडी के समीप एक दुकान पर शैलेश यादव उर्फ लालू अपने बड़े भाई से बात कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और शैलेश काे लक्ष्य करके गोली चला दिए। शैलेश जब तक कुछ समझ पाता तब तक उसे गोली मारने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। बालू मंडी के समीप अंधाधुंध फायरिंग होने के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल शैलेश यादव को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।

सपा विधायक ने अस्पताल में की मुलाकात
शैलेश को गोली मारे जाने की सूचना मिलने के बाद जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव अस्पताल पहुंचकर घायल शैलेश का हाल जाने और उसके परिजनों से मुलाकात किया। इस दौरान उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे लकी यादव ने बताया कि शैलेश यादव समाजवादी पार्टी का समर्थक है और विधानसभा चुनाव के दौरान उसने पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार भी किया था। वहीं विधायक लकी यादव द्वारा कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री द्वारा कहा जाता है कि गुंडे माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। ऐसे में युवक को गोली मारने वाले कहां से आए थे?

अधिकारी बोले, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
इस बारे में जौनपुर के एडिशनल एसपी डॉ संजय कुमार द्वारा बताया गया कि मनीष यादव के यहां चौकीदारी का काम करने वाले अमर बहादुर यादव द्वारा बताया गया कि लालू यादव और मनीष यादव आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे जिसमें एक का नाम रंजेस यादव, जानसन यादव, देवा यादव बताया गया। गोली मारने वाले तीनों लोग जौनपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। एडिशनल एसपी द्वारा बताया गया कि प्राथमिक जांच पड़ताल के दौरान पता चला है कि पुरानी रंजिश के चलते लालू यादव को गोली मारी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications