Jaunpur News: वर्कशॉप में पिता और दो बेटों की हत्या, सीसीटीवी-डीवीआर भी गायब, करीबियों पर शक
Jaunpur News: यूपी के जौनपुर जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कांध गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोमवार सुबह एक वर्कशॉप से एक ही परिवार के तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान लालजी (50), उनके बेटे यादवीर (32) और गुड्डू (25) के रूप में हुई है।
तीनों रविवार की रात में वर्कशॉप में काम खत्म करने के बाद वहीं सो गए थे। सोमवार की सुबह जब एक रिश्तेदार वर्कशॉप में उन तीनों के लिए नाश्ता लेकर पहुंचा तो खून से लथपथ तीनों की लाशें देखकर उसके होश उड़ गए और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाया।

सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस बीच परिजन भी पहुंच गए, जिन्होंने मौके पर शव न मिलने पर नाराजगी जताई और विरोध करते हुए सड़क जाम कर दी। मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
सीसीटीवी डीवीआर ले भागे हत्यारे
मौके पर पहुंची पुलिस को वर्कशॉप से एक भारी हथौड़ा बरामद हुआ है। ऐसे में आशंका है कि इसी से वार कर तीनों की हत्या की गई होगी। इसके अलावा तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए थे।
पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि डीवीआर को अलमारी का ताला खोलकर निकाला गया है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि हत्या में कोई जानकार व्यक्ति शामिल है। यह कोई अचानक की गई वारदात नहीं, बल्की योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या प्रतीत हो रही है।
परिजनों का पुलिस पर गंभीर आरोप
इधर, परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना बताए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। इसी बात को लेकर आक्रोशित होकर उन्होंने बाईपास पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर तक वहां पर माहौल तनावपूर्ण रहा।
वारदात का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजन शांत हुए। इस घटना की जानकारी के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले की जांच के लिए आठ टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वर्कशॉप के स्टाफ की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या का राज़ खोला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications