Jaunpur News Today: जौनपुर में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, हाईवे पर पलटी यात्री बस, 5 की मौके पर मौत
Jaunpur News Today: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही पुलिस को सूचना दिया। सूचना के बाद पुलिस भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गई।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में जेसीबी और क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया गया।
यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे हुआ बताया जा रहा है कि बदलापुर से जौनपुर की ओर जा रही प्राइवेट बस जब बक्सा थाना क्षेत्र के शिवगुलामगंज और कुल्हनामऊ के बीच पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस कई फीट दूर तक घिसटती चली गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ खिड़की से बाहर जा गिरे। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बचाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर सुविधा के लिए हायर अस्पतालों में भेजा जा सकता है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे जौनपुर के एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बस बदलापुर से जौनपुर की ओर जा रही थी। बक्सा थाना क्षेत्र में हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि घायलों को नौपेडवा सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर फिर से बहाल हुआ ट्रैफिक
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया था। पुलिस और प्रशासन ने जेसीबी और क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को हटाया और लगभग एक घंटे में यातायात फिर से बहाल कर दिया गया।
राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर तुरंत रेस्क्यू शुरू न किया जाता, तो घायलों की स्थिति और गंभीर हो सकती थी। इधर, हादसे के बाद जिला अस्पताल में कोहराम मच गया।
मृतकों में अभिनव (7), नैतिक (14), कालीचरण (36), सुशीला यादव (55) और नेमा देवी (60) की पहचान हो गई है। वहीं मरने वाले एक शख्स की खबर लिखे जाने तक पहचान नहीं हो पाई थी।












Click it and Unblock the Notifications