शादी से पहले ही विवाह स्थल पहुंची महिला, जोर-जोर से चिल्लाकर खोली दूल्हे की पोल
Jaunpur news, जौनपुर। यूपी के जौनपुर में शादी के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब दूल्हे की पहली पत्नी वहां पहुंच गई। महिला ने विवाह स्थल पर दूल्हे की गाड़ी के सामने जमकर हंगामा काटा। दूल्हे की हकीकत पता चलते ही लड़की पक्ष वहां से चलता बना। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

चिल्लाते हुए महिला ने कही ये बात
मामला जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर नगर के रहने वाले अमित सिंह की शादी शाहगंज तहसील के एक मैरिज लॉन में होनी थी। बारात पहुंची, द्वार पूजा के लिए दूल्हा कार से उतरने ही वाला था कि अचानक प्रतिज्ञा सिंह नाम की महिला गाड़ी के सामने आ खड़ी हुई। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि शादी गलत हो रही है और जमकर हंगामा काटा।

पुलिस ने दूल्हे को लिया हिरासत में
मामला बढ़ता देख लड़की पक्ष के लोग वहां से चले गए, जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अमित सिंह को हिरासत में लिया और मामले की जांच में जुट गई।

दो साल पहले हुई थी शादी
महिला ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी अमित सिंह से हुई थी। दहेज को लेकर मामला कोर्ट में भी चल रहा है, बिना तलाक दिए अमित दूसरी शादी करने जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications