वाह क्या किस्मत है! टॉयलेट बनाने के लिए चल रही थी खुदाई, मजूदरों को जमीन के नीचे मिले सोने के सिक्के
जौनपुर, 18 जुलाई: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कुछ मजदूरों के चेहरे उस वक्त खिल उठे जब शौचालय निर्माण के लिए खोदे जा रहे गड्ढे से बेशकीमती सोने के सिक्कों से भरा एक लोटा निकल गया। मजदूरों ने इस बात की भनक किसी को नहीं लगने दी और सिक्के आपस में बांटकर काम छोड़कर ही चले गए। हालांकि, ज्यादा देर तक मामला छिप नहीं सका। पुलिस का मामले की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों से सोने के सिक्के बरामद कर लिए हैं। कुछ मजदूरों की तलाश की जा रही है।
Recommended Video

जमीन के ढाई फीट नीचे तांबे के लोटे में रखे थे सोने के सिक्के
मामला मछलीशहर के पुरानी बाजार का है। नूरजहां पत्नी इमाम अली राइन कजियाना मोहल्ले में रहती हैं। बताया जा रहा है कि मकान के पीछे शौचालय निर्माण का काम चल रहा था। बीते मंगलवार को मजदूर राजाबाबू अपने पांच साथियों के साथ गड्ढे की खुदाई कर रहे थे। करीब ढाई फीट की खुदाई के बाद फावड़े एक बर्तन पर पड़ा तो सब चौंक उठे। देखा तो वो तांबे का लोटा था। खजाना मिलने की उम्मीद से मजदूरों ने लोटे को खोला तो उसमें से सोने के सिक्के देखकर सभी के चेहरे खिल उठे।
मजदूरों ने सिक्कों को आपस में बांट लिया और चले गए
सोने के सिक्के मिलने की बात मजदूरों ने किसी को नहीं पता चलने दी। इसके बाद आपस में सिक्के बांट लिए और वहां से चलते बने। बताया जा रहा है कि घर पर सिक्के रखने के बाद मजदूर फिर से काम पर लौट आए और खुदाई में जुट गए। इधर, किसी ने जमीन से सोने के सिक्के मिलने की बात नूरजहां के बेटे को बता दी। उसने मजदूरों से सिक्के वापस मांग, लेकिन सिर्फ एक ही सिक्का उसे मिल सका। मामला शाम तक पुलिस को भी पता चल गया।

पुलिस ने बरामद किए सोने के 10 सिक्के
जमीन से सोने के सिक्के मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मजदूरों से पूछताछ की तो उन्होंने पहले तो कुछ भी नहीं बताया। फिर सख्ती करने पर सिक्के मिलने की बात स्वीकार ली। मजदूरों ने पुलिस को सोने के 9 सिक्के दिए। एक सिक्का नूरजहां के बेटे के पास से मिला। इस तरह कुल 10 सिक्के पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी सिक्कों को सरकारी खजाने में जमा कर दिया गया है। मजदूरों से पूछताछ जारी है।

सीओ ने कहा - पुरातत्व विभाग करेगा जांच
इस मामले में सीओ अतर सिंह ने बताया कि खोदाई के दौरान कुछ पीली धातु मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को 9 पीली धातु और दो सिक्कों को पिघलाकर एक बटन नुमा सिक्का मिला है, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जानकारी 16 जुलाई को पुरातत्व विभाग को दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications