Jaunpur News: नौकरी के नाम पर बेरोजगारों से करते थे ठगी, पैसे लेकर भेज देते थे फर्जी नियुक्ति पत्र
बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके साथ ठगी करने वाले छह अभियुक्तों को जौनपुर पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अपराध में प्रयुक्त सामग्री को भी बरामद किया है।

Jaunpur पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। जौनपुर पुलिस ने सोमवार को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से भारी मात्रा में अपराध में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्त बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने का आश्वासन देते थे और नौकरी दिलाने के एवज में मोटी रकम लेते थे। काफी संख्या में युवकों से ठगी करने के बाद ठग अपना कार्यालय बंद कर फरार हो जाते थे। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

धन्नेपुर चौराहे के पास खोले थे कार्यालय
अपर पुलिस अधीक्षक जौनपुर संजय कुमार ने बताया कि जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत नौकरी के नाम पर ठगी के मामले में मुकदमे के विवेचना के क्रम में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही थी। इसी कड़ी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धन्नेपुर चौराहे के समीप कुछ लोगों ने कार्यालय खोल रखा है और नौकरी के नाम पर बेरोजगार लोगों के साथ ठगी करते हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वहां पर छापेमारी की गई तो वहां से छह अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोग बकायदा कार्यालय खोलकर बैठते थे और वहीं से बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करते थे।

नौकरी दिलाने का पंपलेट और अन्य सामग्री बरामद
अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने के बाद पुलिस द्वारा कमरे की तलाशी ली गई तो वहां से पुलिस को 12 मोबाइल फोन, 3 गूगल पे बारकोड, 3 बैग में भरकर रखे गए नौकरी दिलाने से संबंधित पंपलेट, एक बैग में भरकर रखा गया 210 फर्जी फॉर्म, 12 एटीएम, चार मोहर, एक मोहर पैड, फर्जी आईडी पर लिए गए 4 सिम बरामद किए गए। सभी सामानों की बरामदगी करने के साथ ही पकड़े गए अभियुक्तों को लेकर पुलिस थाने पर पहुंची और उनसे पूछताछ किया गया।

रुपए लेने के बाद देते थे फर्जी नियुक्ति पत्र
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि लाइन बाजार थाने की पुलिस द्वारा धन्नेपुर चौराहे के समीप एक कार्यालय से पंकज कुमार पुत्र महन्तु मौर्या निवासी मेवपुर थाना कदौली कला जनपद सुल्तानपुर, सत्यप्रकाश पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी गौहनिया थाना गोसाइंगंज जिला आयोध्या, अंकूर कुमार पुत्र त्रिलोकीनाथ निवासी अखईपुर थाना इब्राहिमपुर जनपद अम्बेडकर नगर, पियूष पाल पुत्र सुबेदार पाल निवासी पटखौली थाना केराकत जनपद जौनपुर, पूनम सरोज पुत्री स्व0 राजनरायन सरोज निवासी अकबेलपुर थाना जहानागंज जनपद आजमगढ और प्रियका राजभर पुत्री रामजनत राजभर निवासी सुग्घी थाना जहानागंज जनपद आजमगढ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग जनपद जौनपुर व आसपास के जनपद में विभिन्न कम्पनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर पम्पलेट छपवाकर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर देते हैं। जब पम्पलेट पर छपे हुए मोबाइल नम्बरों पर काल आती है तो रजिस्ट्रेशन के नाम पर दिल्ली के रहने वाले मो. सोएब के मोबाइल पर तथा कानपुर के अनुराग कुमार के मोबाइल पर फोन पे के माध्यम से पैसा मंगाते हैं। रुपए मिलने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र जरिए व्हाट्सएप भेज देते हैं तथा ड्रेस व ट्रेनिंग के नाम पर और पैसे की मांग करते हैं। पैसा मिलने के बाद ज्वाइनिंग मांगने पर समय देकर टालमटोल करते रहते है। जब काफी पैसा इकठ्ठा हो जाता है तब हम लोग आफिस बन्द करके भाग जाते हैं और इस्तेमाल किए गए सिम को बंद कर देते हैं। पुनः दूसरे जनपद में फर्जी आईडी से नया सिम लेकर पुनः कार्य शुरू करते है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications