माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के लिए अब होगी केवल ऑनलाइन बुकिंग, प्रशासन ने पर्ची का सिस्टम किया खत्म
जम्मू, जनवरी 03। साल के पहले दिन माता वैष्णो देवी के मंदिर में मची भगदड़ के बाद प्रशासन ने वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। रविवार को पूरे दिन भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी रही। इसके अलावा प्रशासन ने अब एक बड़ा बदलाव हमेशा के लिए कर दिया है।

मंदिर में दर्शन के लिए अब केवल ऑनलाइन बुकिंग
दरअसल, मंदिर परिसर में अब भीड़ को रोकने के लिए यात्रा की बुकिंग केवल ऑनलाइन रखने का फैसला किया है। श्राइन बोर्ड की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने के लिए पहले ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी, जो पर्ची का सिस्टम वहां था, उसे हमेशा के लिए बंद कर दिया गया है।
भगदड़ की घटना में मारे गए 12 श्रद्धालु
आपको बता दें कि 1 जनवरी को नए साल के मौके पर वैष्णो देवी भवन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची थी। आधी रात को वहां भगदड़ मच गई, जिसमें 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 1 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस पूरी घटना के लिए एक जांच कमेटी गठित कर दी है, जो एक हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। प्रशासन ने साथ ही आम जनता से घटना से संबंधित कोई भी जानकारी साझा करने की अपील की है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होंगे कई बुनियादी सुधार
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा खुद रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद मनोज सिन्हा ने ट्वीट के माध्यम से बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर व्यवस्था में सुधारों, बुनियादी ढांचे का निर्माण शुरू करने और 100 प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। साथी ही भवन तक चढ़ाई वाले पूरे रास्ते पर भीड़भाड़ कम करने, भीड़ और कतारों के प्रभावी प्रबंधन के लिए टेक्नोलॉजी के उचित इस्तेमाल, आरएफआईडी ट्रैकिंग करने समेत कई कदम उठाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications