Uri Landmine Blast: 15 अगस्त से पहले उरी में LoC के पास लैंडमाइन विस्फोट, दो जवान घायल, दुश्मन की साजिश?
Uri Landmine Explosion: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास से एक लैंडमाइन विस्फोट ने सभी की नींदे उड़ा दीं। इस घटना में भारतीय सेना के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना अग्रिम क्षेत्र में नियमित परिचालन गतिविधियों के दौरान हुई।
घायल सैनिकों को तुरंत निकालकर श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेना के वरिष्ठ अधिकारी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट उरी सेक्टर के कमलकोट इलाके में हुआ। सेना की टीम जांच में जुट गई है कि यह विस्फोट पुरानी लैंडमाइन के कारण हुआ या फिर किसी अन्य गतिविधि से जुड़ा है। फिलहाल इसे दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन LoC के संवेदनशील इलाके में सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन छानबीन कर रही हैं।

PoK से सटा अत्यंत संवेदनशील सेक्टर, दुश्मन की माइन्स का खतरा
उरी जम्मू-कश्मीर का एक अत्यंत संवेदनशील सेक्टर है, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से सटा हुआ है। यह क्षेत्र 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 के पुलवामा हमले के बाद से चर्चा में रहा है। LoC पर तनाव की स्थिति लगातार बनी रहती है। सैन्य अभियानों, गश्त और निगरानी के दौरान पुरानी लैंडमाइन्स या दुश्मन पक्ष द्वारा लगाई गई माइन्स का खतरा हमेशा बना रहता है।
भारतीय सेना इन इलाकों में लगातार डी-माइनिंग अभियान चलाती रहती है, लेकिन घने जंगलों, पहाड़ी इलाकों और मौसम की चुनौतियों के कारण पूरी सफाई मुश्किल होती है। लैंडमाइन विस्फोट सेना के लिए बड़ी चुनौती हैं क्योंकि ये अक्सर पुरानी हो चुकी होती हैं और अनजाने में सक्रिय हो जाती हैं। इस घटना से एक बार फिर LoC पर बुनियादी ढांचे और खुफिया निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत रेखांकित हुई है।
विस्फोट हादसा या दुश्मन की साजिश?
यह विस्फोट उसी दिन हुआ, जब जम्मू में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जम्मू संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने की, जबकि सह-अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती ने की। विभिन्न विभागों और जिलों के वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में शामिल हुए।
बैठक में 15 अगस्त को पूरे जम्मू संभाग में सुचारू, भव्य और सुरक्षित समारोह आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। एमए स्टेडियम जम्मू समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टेज प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर फोकस किया गया। संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे तय समयसीमा के अंदर अपने कार्य पूरे करें और बेहतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने साफ कहा कि समारोहों के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा और नागरिक सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुशासन और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए।


Click it and Unblock the Notifications
