जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में आतंकियों ने प्रवासी मजदूर को बनाया निशाना, यूपी के मुकेश की गोली मारकर हत्या
Jammu and Kashmir Pulwama News: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों और पुलिस से मुंह की खाने के बाद अब बौखलाए आतंकी लोगों को अपनी गोलियों का निशाना बना रहे हैं। पुलवामा में आतंकियों ने एक उत्तर प्रदेश के रहने वाले प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी।
आतंकियों की गोलीबारी के बाद पुलिस और जवानों ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक आतंकवादियों ने तुमची नौपोरा इलाके में एक मजदूर पर गोलीबारी की, जिसने बाद में दम तोड़ दिया।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक्स (ट्विटर) पर घटना की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि पुलवामा के तुमची नौपोरा इलाके में आतंकवादियों ने यूपी के मुकेश नाम के एक मजदूर पर गोली चला दी, जिसने बाद में दम तोड़ दिया। इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
पुलिस ने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह घटना जम्मू-कश्मीर पुलिस पर क्रिकेट के मैदान पर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी द्वारा गोली चलाने के एक दिन बाद हुई है, जब ऑफ-ड्यूटी पुलिसकर्मी मसरूर अहमद वानी ईदगाह खेल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। एक आतंकवादी ने नजदीक से आंख, पेट और गर्दन में तीन गोलियां मारीं। वानी का ऑपरेशन किया गया और उनकी हालत गंभीर है।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा पर एक आतंकवादी को मारकर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। रविवार रात को केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई। सोमवार सुबह इलाके में तलाशी के दौरान आतंकवादी का शव बरामद किया गया। फिलहाल तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
उमर अब्दुल्ला का बयान
वहीं कुपवाड़ा में मीडिया से बात करते हुए पुलवामा और श्रीनगर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, "अगर स्थिति सामान्य है तो चुनाव क्यों नहीं हो रहे, क्या बहाना है? कल श्रीनगर में एक पुलिस इंस्पेक्टर को गोली मार दी गई, आज सुन रहा हूं कि पुलवामा में कुछ हुआ। अगर ये सामान्य स्थिति है तो ठीक है। कुछ दिन पहले यहां एलजी आए थे, लोगों को घरों में बंद कर दिया गया। मैं सीएम के रूप में यहां आता था, लेकिन मैंने कभी शहर को बंद नहीं किया। जब हम सड़कों पर यात्रा करते थे तो हमने कभी लोगों को उनके घरों में बंद नहीं रखा।"












Click it and Unblock the Notifications