जम्मू कश्मीर: कुलगाम के मंजगाम इलाके में पुलिस की टीम पर हमला, 2 पुलिसकर्मी घायल
श्रीनगर, अक्टूबर 09। जम्मू कश्मीर एकबार फिर से आतंक के साये में है। पिछले एक हफ्ते के अंदर घाटी में आतंकियों ने ना सिर्फ स्थानिय लोगों को मौत के घाट उतारा है, बल्कि सुरक्षाबलों को भी निशाना बनाया है। शनिवार को आतंकियों ने कुलगाम जिले के मंजगाम इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग टीम पर हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया है कि दोनों घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों खतरे से बाहर हैं।

श्रीनगर में आतंकियों से लोहा ले रहे हैं सुरक्षाकर्मी
वहीं दूसरी तरफ पुलिस पार्टी पर जहां हमला हुआ है, उस इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश शुरू खर दी है। जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने पुलिसवालों पर फायरिंग की थी, जिसमें दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि शनिवार सुबह श्रीनगर के मेथन इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच एक और मुठभेड़ हुई। वो भी एनकाउंटर अभी जारी है। उस एनकाउंटर से संबंधित अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
कल भी पुलिस टीम पर हुआ था आतंकी हमला
आपको बता दें कि शुक्रवार को भी आतंकियों ने श्रीनगर के रामबाग में पुलिस की टीम पर हमला किया था। इस हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया था, जबकि दूसरा आतंकी भागने में कामयाब रहा था। मारे गए आतंकी के पास से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ था। मारा गया आतंकी लश्कर ए तैयबा आतंकी संगठन का था।
घाटी में 6 दिन के अंदर 7 लोगों की मौत
आपको बता दें कि घाटी में स्थानीय लोगों पर हमले फिर से बढ़ गए हैं। पिछले 6 दिनों के अंदर घाटी में आतंकियों ने 7 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। गुरुवार को श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल के अंदर प्रिंसिपल सुपिन्दर कौर और शिक्षक दीपक चंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले मंगलवार को श्रीनगर में 24 घंटे के अंदर आतंकियों ने तीन लोगों की हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications