जम्मू कश्मीर: राजौरी के पास खाई में गिरा सेना का वाहन, 2 जवानों की मौत
jammu kashmir, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में सेना के दो जवानों की मौत हो गई। हादसा वाहन के खाई में गिरने की वजह से हुआ।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार को सेना की एंबुलेंस दुर्घटना की शिकार हो गई। जिसमें सेना के दो जवानों की मौत हो गई। हादसा वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास केरी सेक्टर में हुआ। मृतक जवानों की पहचान हवलदार सुधीर कुमार और परमवीर सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रोमियो फोर्स की 43 आरआर जम्मू के राजौरी जिले के केरी सेक्टर में तैनात है। इसकी एंबुलेंस डूंगा गाला क्षेत्र से गुजर रही थी। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के डुंगानोन नाला में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था, जिस कारण वाहन गहरी खाई में गिर गया।
इस हादसे में घटनास्थल पर ही एंबुलेंस में सवार सिपाही परमवीर शर्मा निवासी संगपुर चिंगस, राजौरी व हवलदार सुधीर कुमार निवासी रामनगर कंजन, बिहार की मौत हो गई।
सिपाही परमवीर की लगभग तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। परमवीर सिंह अपने पीछे दो छोटी बच्चियां, पत्नी व मां छोड़ गए हैं। कुछ समय पहले ही उनके पिता की भी मौत हो चुकी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद दोनों के पार्थिव शरीर को सेना के 150 जनरल अस्पताल राजौरी लाया गया। यहां से दोनों के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज राजौरी लाया गया, जहां पर पोस्टमार्टम करने के बाद दोनों के पार्थिव शरीर को वापस सेना के 150 जनरल अस्पताल में लाया गया।












Click it and Unblock the Notifications