श्रीनगर में आतंकियों ने पुलिसकर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर
जम्मू, 7 मई: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। जिसमें कई बड़े आतंकी कमांडर मारे गए, जिस वजह से आतंकी संगठन अब बौखलाए हुए हैं। ऐसे में अब वो छिप-छिपकर सुरक्षाबलों पर हमला कर रहे। शनिवार को श्रीनगर में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के अली जान रोड स्थित ऐवा ब्रिज पर जवानों की तैनाती की गई थी। इस दौरान कुछ आतंकी वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। जिसमें एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उनको पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। जिस वजह से पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं घायल पुलिसकर्मी के भाई ने कहा कि वो सुबह 7 बजे ड्यूटी पर निकले थे। 10 मिनट बाद उनको फोन आया कि भाई को किसी ने गोली मार दी। वो सिर्फ अधिकारी के ड्राइवर के रूप में काम करते थे। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या उसने किसी को नुकसान पहुंचाया है? उसने कुछ नहीं किया। हमारी घाटी में इस तरह की हरकतें गलत हैं।
अनंतनाग में 3 आतंकी ढेर
वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को अनंतनाग जिले के पहलगाम में आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई। इसमें 3 आतंकी मारे गए। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक श्रीचंद वन क्षेत्र में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। जिस पर उन्होंने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों को पास आता देख आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसका सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया और तीन आतंकियों को मार गिराया। सूत्रों के मुताबिक पीओके में 200 से ज्यादा आतंकी कैंप अभी भी सक्रिय हैं। वहां से बड़ी संख्या में आतंकी जम्मू-कश्मीर में घुसने की फिराक में हैं। इस वजह से एलओसी पर सेना को हाईअलर्ट पर रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications