असदुद्दीन ओवैसी के दावे को श्रीनगर पुलिस ने किया खारिज, कहा- जामिया मस्जिद पूरी तरह से खुली है
श्रीनगर, 21 सितंबर। कश्मीर में लंबे समय के बाद सिनेमा की वापसी हुई है और मल्टिप्लेक्स का उद्घाटन किया गया है। लेकिन एआईएमआईएम के मुखिया लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा पर इसको लेकर निशाना साधा है। ओवैसी ने कहा कि आपने सोपिया, पुलवामा में सिनेमा हॉल को खोल दिया है, लेकिन श्रीनगर में हर शुक्रवार को जामिया मस्जिद क्यों बंद रहती है, कम से कम मैटिने शो के बाद तो इसे मत बंद कीजिए। ओवैसी के इस आरोप पर श्रीनगर पुलिस ने पलटवार करते हुए कहा कि जामिया मस्जिद पूरी तरह से खुली है।

श्रीनगर पुलिस की ओर से ओवैसी को जवाब देते हुए ट्वीट किया गया है। इसमे कहा गया है कि जामिया मस्जिद पूरी तरह से खुली है, कोरोना काल के बाद सिर्फ 3 मौकों पर इसे बंद किया गया था। जामिया को अस्थायी रूप से शुक्रवार की दोपहर को नमाज के लिए बंद किया गया था, जब आतंकी हमला, कानून व्यवस्था को खतरा था। ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि जामिया ने मस्जिद के भीतर क्या चल रहा है उसकी जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया था। अगर कोई मस्जिद नहीं जाता है तो यह कोई बहाना नहीं है।
इसे भी पढ़ें- फारूक अब्दुल्ला का तीखा सवाल- क्या भजन गाने से हिंदू बन जाऊंगा ? भारत सांप्रदायिक नहीं...
इससे पहले मंगलवार को एलजी मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में सिनेमा हॉल का उद्घाटन किया था। पिछले तीन दशकों से ये सिनेमा हॉल बंद पड़े थे। यहां हिंसा की वजह से सिनेमा हॉल को बंद कर दिया गया था। सिनेमा हॉल को सभी आधुनिका सुविधाओं के साथ खोला गया है, इसे आई नॉक्स ने तैयार किया है, जिसके मालिक विजय धर हैं। यहां पर 520 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, तीन बड़े ऑडिटोरियम हैं। यहां पर रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए गेमिंग जोन भी आने वाले महीने में खोला जाएगा।
बता दें कि श्रीनगर में 12 सिनेमा हॉल थे, लेकिन 90 के दशक के बाद इसे बंद कर दिया गया था, जब यहां पर आतंकी गतिविधियां बढ़ गई थी। एक अक्टूबर से आई नॉक्स में कश्मीर के लोगों के लिए फिल्में दिखाई जाएंगी। यहां 26 सितंबर से लोगों के लिए टिकट उपलब्ध होंगे। एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि इस तरह के बदलाव कश्मीर में इसलिए संभव हो सके हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है, उन्होंने 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक फैसला लेते हुए अनुच्छेद 370 को खत्म किया था।












Click it and Unblock the Notifications