jammu kashmir chunav 2024: चुनाव जम्मू-कश्मीर में, वोट डाले जा रहे दिल्ली में, जानिए क्या है पूरा मामला?
Kashmiri Pandits Polling Station: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में आज 18 सितंबर को 24 सीटों पर पहले चरण का मतदान हो रहा है। दोपहर एक बजे तक 41.17 फीसदी मतदान हुआ है। खास बात है कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली में भी वोट डाले जा रहे हैं।
दरअसल, जम्मू-कश्मीर में 35 हजार से ज्यादा विस्थापित कश्मीरी पंडित हैं, जो मतदान के पात्र हैं। इनके लिए 24 विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पहले चरण वाली सीटों के लिए कश्मीरी पंडित मतदान कर रहे हैं।

NDTV की खबर के अनुसार राहत एवं पुनर्वास आयुक्त डॉक्टर अरविंद करवानी ने पीटीआई को बताया कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में पहले चरण के लिए जम्मू, उधमपुर और दिल्ली में 24 विशेष मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है, जहां 35 हजार 500 मतदाता रजिस्टर्ड हैं।
डॉ. करवानी के अनुसार कश्मीरी पंडित के लिए बनाए गए 24 विशेष मतदान केंद्रों में से 19 बूथ जम्मू में, एक बूथ उधमपुर में और चार बूथ दिल्ली में हैं। जम्मू में 34 हजार 852 कश्मीरी पंडित वोट डाल सकेंगे जबकि उदधमपुर और दिल्ली के मतदान केंद्रों पर 648 कश्मीरी पंडित मतदाता हैं।
कश्मीरी पंडित की अधिकांश आबादी दिल्ली में रहती है, लेकिन केवल 600 लोगों ने ही मतदान के लिए पंजीकरण कराया है। इन मतदाताओं के लिए स्थापित चार बूथों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कौन होते हैं कश्मीरी पंडित?
कश्मीरी पंडित मूलरूप से कश्मीर के हिंदू हैं, जो वृहत्तर सारस्वत ब्राह्मण समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। 1989 में कश्मीर में चरमपंथ शुरू होने के बाद कई कश्मीरी पंडितों की चरमपंथियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद कश्मीर घाटी से पंडितों का पलायन शुरू हुआ था। बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडितों ने दिल्ली में आकर भी शरण ली।
जम्मू कश्मीर में कहां-कितना मतदान?
- अनंतनाग-37.90%
- डोडा-50.81%
- किश्तवाड़-56.86%
- कुलगाम 39.91%
- पुलवामा 29.84%
- रामबन 49.68%
- शोपियां 38.72%
- (दोपहर 1 बजे तक की स्थिति)












Click it and Unblock the Notifications