Jammu Kashmir Election: रामबन और अनंतनाग में रैली के साथ राहुल गांधी करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज से जम्मू कश्मीर में चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। प्रदेश में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर तीन चरण में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 18 सितंबर, दूसरे चरण का मतदान 25 सितंबर और तीसरे चरण का मतदान यहां 1 अक्तूबर को होगा। राहुल गांधी जम्मू कश्मीर के रामबन और अनंतनाग जिले में दो अहम चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के प्रमुख तारिक हामिद कर्रा के अनुसार, राहुल गांधी सबसे पहले जम्मू-कश्मीर इकाई के पूर्व पार्टी प्रमुख विकार रसूल वानी के लिए प्रचार करेंगे, जो बनिहाल से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद, वह अनंतनाग जिले के डूरू में कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर के समर्थन में एक और रैली को संबोधित करेंगे।

बता दें कि कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस घाटी में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। आर्टिकल 370 के खत्म होने के बाद दोनों पार्टी ने पहली बार यह गठबंधन बनाया है। एनसी 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कर्रा ने कहा, "हम एक दोस्ताना लेकिन अनुशासित चुनाव लड़ने के लिए सहमत हुए हैं, इन सीटों के अलावा, हमने 1 सीट सीपीआई (एम) और 1 सीट पैंथर्स पार्टी के लिए छोड़ी है।
कांग्रेस पार्टी को उम्मीद है कि राहुल गांधी के चुनाव प्रचार से पार्टी को काफी फायदा होगा। JKPCC प्रमुख ने भी भरोसा जाहिर किया है कि राहुल गांधी का चुनावी अभियान पार्टी को नई गति प्रदान करेगा। घाटी में चुनाव के नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद यहां पहली बार विधान सभा चुनाव होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications