Operation Guddar क्या है? जम्मू कश्मीर के कुलगाम में इस अभियान के तहत मार गिराए दो आतंकी
Operation Guddar: दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में चल रहे "ऑपरेशन गुद्दर" में अधिकारियों के अनुसार सोमवार को दूसरे आतंकवादी को मार गिराया गया है।
भारतीय सेना के चिनार कोर ने इस घटना की पुष्टि एक्स पर की। उन्होंने बताया, "कुलगाम के गुद्दर जंगल में चल रहे ऑपरेशन में एक और आतंकवादी ढेर कर दिया गया है। एक सैनिक घायल हुआ है और उसे आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए भेजा गया है। आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।"

Operation Guddar क्या है?
जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ का ये संयुक्त अभियान है जो गुद्दर के जंगलों में आतंकियों के खिलाफ चलाया जा रहा है। इसलिए इसका नाम Operation Guddar रखा गया है। गुद्दर के घने जंगल में छिपे आतंकियों को धर-दबोचने के लिए ये अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत आज एक दिन में दो आतंकियों को मार गिराया गया है। इस दौरान एक सैनिक भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
8 सितंबर को सुबह शुरू किया था अभियान
सोमवार सुबह सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान गोलीबारी में एक आतंकवादी पहले ही मारा जा चुका था। चिनार कोर ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
कोर ने बताया, "जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा दी गई विशिष्ट खुफिया जानकारी पर भारतीयसेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने कुलगाम के गुद्दर जंगल में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।" सेना ने आगे बताया, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसके जवाब में भीषण गोलीबारी हुई। इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया और एक जूनियर कमीशंड अधिकारी घायल हो गए। ऑपरेशन जारी है।"
आज सुबह गुद्दर जंगल में यह मुठभेड़ शुरू हुई थी। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप, सेना और सीआरपीएफ मौके पर मौजूद हैं। कश्मीर जोन पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में यह भी बताया कि मुठभेड़ विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications