फारूक अब्दुल्ला के इस्तीफे की खबरों का उमर अब्दुल्ला ने किया खंडन, कहा-वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे
Farooq Abdullah, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के इस्तीफे के बारे में मीडिया में चल रही खबरों को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही उमर अब्दुल्ला ने कहा कि, सीनियर अब्दुल्ला ने इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन वह पार्टी के आगामी अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। वे अपने स्वास्थ्य के चलते चुनाव नहीं लड़ेगे।

पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, डॉ फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने केवल पार्टी को सूचित किया है कि पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले आगामी चुनावों में वह नहीं खड़े होंगे। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ये चुनाव वैसे भी इसी साल दिसंबर में होने वाले थे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक डॉ साहिब अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।
उमर ने कहा कि, मैं अपने सभी सहयोगियों से अपील करता हूं कि वे अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करने पर गंभीरता से विचार करें ताकि हमारे बीच का सबसे अच्छा व्यक्ति इस अशांत समय में पार्टी को चला सके। उनका ये बयान उनके पिता (फारूक अब्दुल्ला) के जेकेएनसी अध्यक्ष पद के लिए फिर से चुनाव नहीं लड़ने की "अप्रत्याशित खबर" की प्रतिक्रिया के तौर पर आया है।
इससे पहले जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ट्विटर पर अपने पोस्ट में कहा कि अब्दुल्ला ने अपने सहयोगियों को जेकेएनसी के अध्यक्ष पद से हटने के फैसले के बारे में सूचित किया है। पार्टी में वरिष्ठ सहयोगियों के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद डॉ साहब इस बात पर अड़े थे कि वह अपने फैसले की समीक्षा नहीं करेंगे।
फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से कहा, मैं अब अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ूंगा। पद के लिए चुनाव 5 दिसंबर को होगा। अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी इस जिम्मेदारी को संभाले। लोकसभा के सदस्य अब्दुल्ला ने कहा, पार्टी का कोई भी सदस्य इस पद के लिए चुनाव लड़ सकता है। यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। फारूक अब्दुल्ला पहली बार 1983 में नेशनल कांफ्रेंसके अध्यक्ष बने थे।












Click it and Unblock the Notifications