BJP नेता इश्फाक मीर पर नहीं हुआ आतंकी हमला, PSO से गलती से चली थी गोली- कुपवाड़ा SSP का बयान
श्रीनगर, जुलाई 17। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में भाजपा के जिला अध्यक्ष मोहम्मद शफी के बेटे इश्फाक अहमद मीर पर हुई फायरिंग को लेकर जम्मू कश्मीर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया है कि इश्फाक मीर पर हुआ हमला आतंकी हमला नहीं था। कुपवाड़ा के SSP जीवी संदीप ने जानकारी देते हुए कहा कि इश्फाक मीर के PSO से गोली गलती से चली थी, इसलिए इस फायरिंग को आतंकी हमले के रूप में ना देखा जाए, लोगों से अपील है कि वो आतंकी हमले की अफवाह ना फैलाएं।

पीएसओ ने डरकर गलती से कर दी फायरिंग- पुलिस
पुलिस के बड़े अधिकारी ने कहा है कि इश्फाक को मामूली चोट आई है और वो बहुत जल्द रिकवर हो जाएंगे। पुलिस के मुताबिक, इश्फाक मीर की कार में बैठे एक PSO से मिसफायर हुआ, जिसके बाद दूसरे PSO ने डरकर फायरिंग कर दी, जो सीधी इश्फाक के हाथ में जाकर लगी। पुलिस ने बताया है कि इश्फाक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, अब वो घर पर ही हैं और उनकी हालत स्थिर है।
इश्फाक पर हुई फायरिंग से फैल गई थी दहशत
आपको बता दें कि शुक्रवार को बीजेपी कार्यकर्ता इश्फाक अहमद मीर पर हुई फायरिंग के बाद तुरंत ये अफवाह फैल गई थी कि ये एक आतंकी हमला है। साथ ही घाटी में दहशत का माहौल पैदा हो गया था, लेकिन अब पुलिस ने इस हमले को मिसफायरिंग की घटना बताया है। बता दें कि घाटी में पिछले 2 साल से आतंकी हमलों में कई भाजपा कार्यकर्ता और नेता मारे जा चुके हैं।
पिछले महीने 2 तारीख को भाजपा कार्यकर्ता और कश्मीरी पंडित समुदाय के सदस्य राकेश पंडित को पुलवामा जिले के कश्मीर के त्राल में आतंकवादियों ने गोली मार दी थी।












Click it and Unblock the Notifications