इस साल जम्मू-कश्मीर में अब तक कितनी आतंकी वारदातें हुईं? मंत्री ने बताईं 4 साल में घटी घटनाएं
जम्मू। भारत के सबसे उत्तरी राज्य जम्मू-कश्मीर में बरसों से आतंकी हमले होते चले आ रहे हैं। हालांकि, सरकार का दावा है कि, बीते 4 सालों में इन हमलों में काफी गिरावट आई है। आज केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि, जम्मू कश्मीर में वर्ष 2018 से 2021 तक हमलों में सिलसिलेवार गिरावट दर्ज की गई। मंत्री के मुताबिक, 2018 में आतंकी हमलों की 417 घटनाएं हुईं।

2019 में आतंकी हमलों की 255 घटनाएं हुईं। उसके बाद 2020 में 244 घटनाएं दर्ज की गईं। और, अब इस साल (30 नवंबर 2021 तक) में 203 आतंकवादी घटनाएं हुईं। मंत्री ने बताया कि, घाटी में आतंकियों की कमर तोड़ने के लिए सुरक्षाबलों के आॅपरेशन काफी हद तक कामयाब हुए हैं। उन्होंने कहा कि, सुरक्षाबलों की चौकसी की और ताबड़तोड़ कार्रवाई के चलते आतंकी हमलों में गिरावट आई है।

मालूम हो कि, जम्मू-कश्मीर में पाक-परस्त आतंकी कहीं न कहीं हमला करते ही रहते हैं। इंडियन आर्म्ड फोर्सेस और पुलिस के जवान आतंकियों से लोहा लेते हैं। कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार का कहना है कि, इस साल विभिन्न मुठभेड़ों में 150 से ज्यादा आतंकी मारे जा चुके हैं। वहीं, काफी आतंकी जिंदा भी पकड़े गए हैं। विजय कुमार ने पिछले महीने एक ऑपरेशन के बारे में बताया कि, उसमें 2 आतंकियों को मारा गया। मरने वाले आतंकी शिराज़ मौलवी और यावर भट्ट थे। आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे आॅपरेशंस की तारीख परिस्थितियेां के अनुसार तय होती हैं।

जम्मू-कश्मीर में मारे गए आतंकियों के बारे में सीआरपीएफ की ओर से भी नवंबर महीने में ब्रीफिंग दी गई थी। सीआरपीएफ की ओर से बताया गया कि, घाटी में इस साल नवंबर तक 112 आतंकियों को मारा जा चुका था। इसके अलावा 135 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने पकड़ा। 2 ऐसे आतंकी भी थे, जिन्होंने सरेंडर किया था। 11 नवंबर 2021 की बात करें तो जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में ही एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें 1 आतंकी को मौत के घाट उतार दिया गया। बताया जा रहा है कि, खुफिया सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और सेना ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया था। जवानों को पास आते देखकर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आतंकी को ढेर कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications