कश्मीर में होटल सस्ते, एयरलाइंस काट रही जेब, पहलगाम हमले के बाद टूरिज्म ट्रेंड में बड़ा उलटफेर
Kashmir tourism trend 2025: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसारन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) के बाद राज्य में पर्यटकों की आवाजाही में तेज़ गिरावट देखी जा रही है। इसके चलते जहां होटल मालिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए किराए में भारी कटौती कर रहे हैं, वहीं एयरलाइंस ने उड़ान किराए में 46% तक का इजाफा कर दिया है।
साइएटिव सॉल्यूशंस द्वारा जारी एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनगर में होटल कमरों के औसत किराए में 22% की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि कुछ होटलों ने तो बुकिंग बढ़ाने के लिए 46% तक की छूट दे दी है। यानी पहले जहां एक कमरा ₹20,000 का था, अब वो ₹10,800 से ₹15,600 के बीच में मिल रहा है।

वहीं दूसरी ओर हवाई किराए में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। श्रीनगर से बाहर जाने वाली फ्लाइट्स पर औसतन 46% और कुछ मार्गों पर इससे कहीं ज़्यादा बढ़ोतरी हुई है। श्रीनगर से कोलकाता की उड़ान का किराया ₹7,666 से सीधा बढ़कर ₹24,000 तक पहुंच गया है यानी 213% की उछाल।
इसके उलट, श्रीनगर आने वाले किराए में 53% तक की गिरावट दर्ज की गई है, जो इस बात का संकेत है कि घाटी में पर्यटकों का आना कम हो गया है। साइएटिव सॉल्यूशंस की सीईओ विजेता सोनी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "डायनेमिक प्राइसिंग एक आधुनिक तरीका हो सकता है, लेकिन संकट के समय मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि "बिना नैतिक दिशा-निर्देशों के मूल्य निर्धारण एल्गोरिदम लोगों की कठिनाइयों को और बढ़ा सकते हैं, इसलिए कारोबार में इंसानियत का ध्यान रखना ज़रूरी है।" बता दें कि आतंकी हमले के बाद कश्मीर को छोड़कर स्थानीय पर्यटन में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications