कश्मीर: आतंकियों ने बारामुला में सरपंच को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
नई दिल्ली, 15 अप्रैल: कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने गुरुवार को एक बड़ा ऑपरेशन चलाया, जिसमें चार आतंकी मारे गए। इन ऑपरेशन्स की वजह से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं, जिस वजह से अब वो छिप-छिपकर आम लोगों पर हमला कर रहे। शुक्रवार शाम को आतंकियों ने बारामुला जिले में एक सरपंच को निशाना बनाया। जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक गोशबुग पट्टन में सरपंच मंजूर अहमद खड़े थे। तभी वहां पर कुछ आतंकी पहुंचे और उनको गोली मार दी। जब तक सुरक्षाबल के जवान जवाबी कार्रवाई करते तब तक आतंकी फरार हो चुके थे। आनन-फानन में घायल सरपंच को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
ड्राइवर को मारी थी गोली
आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले ही आतंकियों ने कुलगाम में एक शख्स को गोली मारी थी, जो पेशे से ड्राइवर था। उसको भी आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर फ्रीडम फाइटर्स नामक आतंकी संगठन ने ली है।
कश्मीरी हिंदुओं को दी थी धमकी
अभी कुछ दिनों पहले आतंकी संगठन लश्कर-ए-इस्लाम ने बारामुला में कश्मीरी हिंदुओं को धमकी भरा पत्र भेजा था। जिसमें उसने लिखा- "काफिरों को कश्मीर छोड़ना होगा, अन्यथा वो मारे जाएंगे। अगर वो बचना चाहते हैं तो अल्लाह और उसके पैगंबर हजरत मोहम्मद में अपनी आस्था व्यक्त करें। इसके धमकी के बाद ही ड्राइवर पर हमला हुआ था"।












Click it and Unblock the Notifications