Kashmir Terrorist Attack: पहलगाम हमले के आरोपियों पर ₹20 लाख का इनाम, जानिए कहां के रहने वाले हैं ये आतंकी?
Kashmir Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के नाम और स्केच जारी कर दिए हैं। इन आतंकियों की पहचान आदिल हुसैन ठोकर (निवासी अनंतनाग), हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान, और अली भाई उर्फ तल्हा भाई के रूप में हुई है। पुलिस ने इन फरार आतंकियों की सूचना देने पर ₹20 लाख के इनाम की घोषणा भी की है।
इस हमले में आतंकियों ने 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।

NIA टीम मौके पर पहुँची, जांच में जुटी
बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम, जो कि उप महानिरीक्षक रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में थी, हमले के स्थान बैसरण पहुँची। बैसरण, पहलगाम टाउन से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित है और यह वही इलाका है जहां आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया।
3 पाकिस्तानी और 2 जम्मू-कश्मीर के आतंकी
Hindustan Times की रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियों ने हमले में शामिल 5 आतंकियों की पहचान की है, जिनमें से 3 पाकिस्तानी और 2 जम्मू-कश्मीर के निवासी बताए जा रहे हैं।
गृह मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक
वहीं इस घटना के बाद गुरुवार को इस आतंकी हमले को लेकर गृह मंत्रालय (MHA) में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के प्रमुख तपन डेका, और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के प्रमुख रवि सिन्हा शामिल हुए।
ये भी पढ़ें Jammu Kashmir News: उधमपुर में आतंकियों से मुठभेड़, सेना का एक जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी
कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी- PM
वहीं इस हमले के बाद पीएम मोदी ने आतंकवादियों को चुनौती देते हुए कड़ा संदेश दिया है। बिहार के मधुबनी की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि, 'ये हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आस्था पर हमला करने का दुस्साहस किया है।'
'मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने ये हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। अब आतंकियों की बची-कुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है।'
आतंकवाद अब बख्शा नहीं जाएगा- पीएम मोदी
वहीं पीएम मोदी ने कहा कि, 'आज बिहार की धरती से मैं पूरे विश्व से कहता हूँ। भारत हर एक आतंकी और उसके सरपरस्तों की पहचान करेगा, उनका पीछा करेगा और उन्हें सजा दिलाकर ही दम लेगा। हम उन्हें धरती के अंतिम कोने तक ढूंढ निकालेंगे। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता। आतंकवाद अब बख्शा नहीं जाएगा।'
ये भी पढ़ें Kashmir LOC Terror Alert: कश्मीर में 75 तो 130 आतंकी सीमा पार तैयार! LOC पर तनाव, PAK सेना में घबराहट












Click it and Unblock the Notifications