कश्मीर के गुलमर्ग में सेना के वाहन पर आतंकी हमला, 4 जवान घायल, सील किया गया इलाका
Kashmir News: जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग (Gulmarg) से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सेना के वाहन पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया। इस आतंकी हमले में सेना के चार जवान घायल हो गए हैं। वहीं, एक सिविलियन पोर्टर की मृत्यु हो गई। इस हमले के बाद सुरक्षा बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को सील कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बता दें, जम्मू-कश्मीर में पिछले चार दिनों में यह तीसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 20 अक्टूबर को गंदेरबल में हुए आतंकी हमले में एक डॉक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा गुरुवार की सुबह आतंकियों ने एक गैर-प्रवासी मजदूर को गोली मार दी थी।

गुलमर्ग हमले में सेना के अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि आतंकवादियों ने बारामुल्ला जिले के बोटापाथरी में वाहन पर गोलीबारी की। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।
गैर-स्थानीय मजदूर को निशाना बनाया गया
गुलमर्ग की घटना से कुछ घंटे पहले ही पुलवामा में एक और संदिग्ध आतंकवादी हमला हुआ था। उत्तर प्रदेश के रहने वाले शुभम कुमार नामक एक गैर-स्थानीय मजदूर को बटागुंड गांव में आतंकवादियों ने गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। गोली उसके हाथ में लगी है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications