J&K News: लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल से जुड़ा खूंखार आतंकी गिरफ्तार, 2 साल से था फरार
पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) से जुड़े एक खूंखार आतंकी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आंतकी, जम्मू-कश्मीर के एक नार्को-आतंकवादी गठजोड़ मामले में एक प्रमुख आरोपी था। करीब दो साल से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित था।
एनआईए की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का निवासी सैयद सलीम जहांगीर अंद्राबी उर्फ सलीम अंद्राबी जून 2020 से फरार था।

बाद में इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम, आईपीसी और यूए(पी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उसके खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया गया था। उसकी गिरफ्तारी नार्को-आतंकवादी गठजोड़ को नष्ट करने और सीमा पार स्थित आतंकवादी संगठनों द्वारा भारत में बनाए गए पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने के एनआईए के प्रयासों में एक बड़ी सफलता है।
आंतक के लिए जुटा रहा था धन
एनआईए ने 26 जून 2020 को स्थानीय पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच के दौरान पता चला कि सलीम अंदरबी जम्मू-कश्मीर और भारत के अन्य हिस्सों में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और धन जुटाने की गहरी साजिश का हिस्सा था।
इसने यह भी कहा कि यह साजिश ड्रग तस्करों द्वारा पाकिस्तान में सीमा पार स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों, लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के गुर्गों के साथ मिलकर रची गई थी। एनआईए की जांच में पता चला है कि मादक पदार्थों के रैकेट से जुटाए गए धन को ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यूएस) के नेटवर्क के जरिए आतंकवादी हिंसा को बढ़ावा देने के लिए जम्मू-कश्मीर में भेजा जाता था।












Click it and Unblock the Notifications