राजौरी में आतंकियों ने की निर्दोष की हत्या, पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ाई गई
जम्मू कश्मीर के राजौरी स्थित कुंडा टॉप में मोहम्मद रजिक को गोली लगने की खबर सामने आई है। राजौरी पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि फायरिंग के दौरान मोहम्मद रजिक को गोली लगी है। रजिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके को खाली करा लिया है और मामले कीं जांच कर रही है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए सरक्षाकर्मियों ने जांच शुरू कर दी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रजिक के भाई प्रादेशिक सेना में सिपाही हैं। घटना के बाद बड़े पैमाने पर आतंकियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
इससे पहले आतंकियों ने अनंतनाग में 17 अप्रैल को बिहार के एक श्रमिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने बिजबेहरा इलाके में जबलीपोरा में राजा शाह के पास गोलीबारी की थी। जिसमे श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
अस्पताल में श्रमिक की मौत हो गई थी। मृतक श्रमिक की पहचान बिहार निवासी शंकर शाह के पुत्र राजा शाह के रूप में हुई थी। राजा की गर्दन और पेट में दो-दो गोलियां लगी थीं।
घटना के बाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने दुख जाहिर किया था। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा था कि हम लोग शांति चाहते हैं लेकिन ये आतंकवादी ऐसा नहीं चाहते हैं। इस कृत्य के खिलाफ हम सभी को एकजुट होना होगा। वहीं महबूबा मुफ्ती ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे संवेदनहीन कृत्य करार दिया था। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की थी।












Click it and Unblock the Notifications