श्रीनगर शहर में आतंकियों ने किया ग्रेनेड हमला, सर्च ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली, 16 जनवरी: कश्मीर घाटी में आतंकी वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रहीं, जहां आतंकियों ने रविवार को ग्रेनेड हमला किया। हालांकि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारतीय सेना और सुरक्षाबल के जवान पूरे इलाके को घेरकर सर्च अभियान चला रहे हैं। इससे पहले शनिवार को सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग अभियानों में आतंकवादियों के 6 मददगारों को गिरफ्तार किया था। जिससे आतंकी संगठनों को बड़ा झटका लगा है।

जानकारी के मुताबिक कुछ संदिग्ध आतंकी पुराने श्रीनगर शहर के सराफ कदल इलाके में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वहां तैनात सुरक्षाबलों की ओर ग्रेनेड फेंका। जब तक जवान कुछ समझ पाते आतंकी इलाके से भाग गए थे। फिलहाल पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। साथ ही सभी नाका चौकियों को भी अलर्ट भेजा गया है। अभी तक घटना की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।
100 आतंकियों की लिस्ट तैयार
सेना ने पिछले साल घाटी में कई सफल ऑपरेशन्स को अंजाम दिया था। अब नए साल में भी आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षाबलों ने कमर कस ली है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक घाटी में 100 आतंकियों की लिस्ट तैयार की गई है। जिसमें लश्कर, जैश समेत कई संगठनों से जुड़े आतंकियों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर के 9 इलाकों में मौजूद इन सभी आतंकियों की पहचान कर ली है। सूत्रों ने बताया कि सेना चाहती है कि घाटी के स्थानीय युवाओं की भर्ती आतंकी संगठनों में रोकी जाए, ऐसे में इन आतंकियों का सफाया जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications