श्रीनगर में आतंकियों ने किया ग्रेनेड हमला, एक पुलिसकर्मी समेत दो घायल
श्रीनगर, 10 नवंबर: कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों की सख्ती के बाद भी आतंकी वारदातें नहीं रुक रही हैं। बुधवार शाम को आतंकियों ने फिर से हमला किया। जिसमें दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। पहले वाला पैटर्न अपनाते हुए वारदात को अंजाम देकर आतंकी भाग निकले। जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना में किस आतंकी संगठन का हाथ था, ये अभी तक पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर में अली मस्जिद ईदगाह के पास सीआरपीएफ की 161 बटालियन के जवान नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने ग्रेनेड फेंक दिया। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक पुलिसकर्मी, जबकि दूसरा आम नागरिक है। दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल पूरे इलाके को घेर कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
सड़कों पर बनाए गए बंकर
आपको बता दें कि आमतौर पर आतंकी ऐसी वारदातों को अंजाम देकर सड़क मार्ग से दूसरे इलाके में भाग जाते हैं। जिस वजह से अब सुरक्षाबलों ने श्रीनगर की सड़कों पर फिर से बंकर बना लिए हैं। काफी वक्त पहले एक समिति के सुझाव पर इन बंकरों को सड़कों से हटा दिया गया था। हाल ही में कई नागरिकों की हत्या हुई, जिस वजह से प्रशासन को फिर से ये फैसला लेना पड़ा।
5 कंपनियां भेजी गईं
वहीं दूसरी ओर गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से जम्मू-कश्मीर में पांच कंपनियों को भेजने के लिए कहा है। जिसके बाद जवान लगातार घाटी की ओर मूव कर रहे हैं। इन बलों को सीआरपीएफ एडीजी की मंजूरी के अनुसार तैनात किया जाएगा। उम्मीद है कि एक हफ्ते के अंदर इनकी तैनाती हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications