J&K Chuaav: बीजेपी ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, PM मोदी समेत शामिल है इन दिग्गजों के नाम
Jammu Kashmir Vidhan Sabha Chunav 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 25 सितंबर को होने वाले जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर और जी किशन रेड्डी भी इस चरण में प्रचार करेंगे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का नाम भी लिस्ट में है।

वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और सांसद अनुराग ठाकुर भी इस चरण में प्रचार करेंगे।
स्टार प्रचारक और चुनाव घोषणापत्र
भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी भी शामिल हैं। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह 6 सितंबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करने वाले हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शाह शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जम्मू पहुंचेंगे और शहर में भाजपा के मीडिया सेंटर में घोषणापत्र का अनावरण करेंगे।
अपने दौरे के दौरान शाह राज्य की भाजपा इकाई के कोर ग्रुप से मिलेंगे और चुनावी तैयारियों और जमीनी स्तर की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। जम्मू में अपने दूसरे दिन वह सफल चुनाव अभियान सुनिश्चित करने के लिए पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
जम्मू कश्मीर में कब होगा चुनाव
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 सितंबर को 219 उम्मीदवार मैदान में होंगे। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यह जम्मू-कश्मीर में पहला विधानसभा चुनाव है। दूसरा चरण 25 सितंबर को और तीसरा चरण 1 अक्टूबर को होगा। नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications