कौन हैं MLA Chandrakanta Meghwal, जिनकी राजस्थान पुलिस 13 जून के बाद कर सकती गिरफ्तारी
कौन हैं विधायक चंद्रकांता मेघवाल, जिनकी राजस्थान पुलिस 13 जून के बाद कर सकती गिरफ्तारी
जयपुर, 11 जून। राजस्थान में भाजपा की दो महिला विधायक इन दिनों सुर्खियों में हैं। एक शोभारानी कुशवाहा और दूसरी चंद्रकांता मेघवाल। धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा की राज्यसभा चुनाव 2022 में क्रॉस वोटिंग, निलंबन, नोटिस व खुला खत खबरें बन रहे तो बूंदी जिले के केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल पर एक मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटकी, जो फिलहाल 13 जून तक के लिए टल गई।

भाजपा की बाड़ाबंदी में थीं तब पुलिस ने किया तलब
बात अगर विधायक चंद्रकांता मेघवाल की करें तो कोटा की महावीर नगर पुलिस ने इन्हें मारपीट के पांच साल पुराने मामले में सात व नौ जून को नोटिस भेजकर तलब किया, मगर ये दोनों ही बार पुलिस थाने नहीं गई। वजह ये थी कि उस वक्त ये राज्यसभा चुनाव 2022 को लेकर भाजपा की ओर से की गई विधायकों की बाड़ेबंदी में थीं।

एमएलए चंद्रकांता मेघवाल की गिरफ्तारी पर 13 जून तक रोक
गिरफ्तारी की तलवार लटकी तो विधायक चंद्रकांता मेघवाल के वकील ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और राज्यसभा चुनाव का हवाला दिया। इस पर जिला न्यायालय ने इन्हें राहत प्रदान करते हुए 13 जून तक चंद्रकांता मेघवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। इसके बाद अगर ये पुलिस थाने में हाजिर नहीं होती हैं तो गिरफ्तारी भी हो सकती है।

विधायक चंद्रकांता मेघवाल को क्यों तलब किया?
बता दें कि भाजपा राज में 20 फरवरी 2017 को कोटा महावीर नगर थाना पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं का चालान काट दिया, जिस पर कार्यकर्ता पुलिस थाने के बाहर धरना देकर प्रदर्शन कर रहे थे। तब चंद्रकांता मेघवाल रामगंजमंडी से विधायक थीं। ये अपने पति नरेंद्रपाल वर्मा के साथ पुलिस थाने पहुंची तो पुलिस और इनके बीच कहासुनी हो गई। मारपीट व पथराव भी हुआ।

तीन आरोपियों को मिल गई जमानत
प्रकरण में कोटा की महावीर नगर थाना पुलिस ने विधायक चंद्रकांता मेघवाल, इनके पति नरेंद्र पाल वर्मा समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इनमें से तीन आरोपियों को जमानत मिल गई जबकि शेष छह को मामले की जांच में सहयोग के लिए सात व नौ जून को नोटिस भेजकर तलब किया था। छहों में से कोई उपस्थित नहीं हुआ।

विधायक चंद्रकांता मेघवाल का जीवन परिचय
नाम - चंद्रकांता मेघवाल
जन्म - 25 मई 1974
जन्म स्थान - लाखेरी केशवरायपाटन बूंदी
पिता - रामगोपाल मेघवाल
पति - नरेंद्रपाल वर्मा
बच्चे - एक बेटा व एक बेटी
शिक्षा - एमए (समाजशास्त्र और हिंदी)
समुदाय - दलित
चुनाव - 2018 में कांग्रेस के राकेश बोयत को 7119 वोटों से हराया।
सम्पति - 5.19 करोड़ (2018)












Click it and Unblock the Notifications