Rajasthan में आवारा सांडों ने वकील पर बोला हमला, वकील शिकायत लेकर जब थाने पहुंचे तो बने यह हालात
राजस्थान के करौली में आपस में लड़ रहे दो सांडों ने राह चलते वकील पर हमला बोल दिया। हादसे में वकील बुरी तरह घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जयपुर रैफर किया गया है।
Rajasthan में करौली जिला मुख्यालय पर शनिवार को नगर परिषद की लापरवाही सामने आई है। यहां बेलगाम सांडों ने एक एडवोकेट पर हमला बोल दिया। जिससे एडवोकेट घायल हो गया। राहगीरों की मदद से एडवोकेट को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में एडवोकेट को जयपुर रेफर किया गया है। एडवोकेट संघ करौली ने पुलिस के प्रति नाराजगी भी जाहिर की है।

पुलिस ने मामला दर्ज करने से किया इंकार
एडवोकेट संघ का कहना है कि अपने साथी की घायल होने की सूचना और घटना का जायजा लेने के बाद वे जब कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को लापरवाही का परिवार सौंपा। लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से साफ मना कर दिया। एडवोकेट आशुतोष ने बताया कि उनका साथी एडवोकेट कपिलदेव पाराशर दोपहर में भोजन करने के बाद कोर्ट आ रहा था। तभी सार्वजनिक पुस्तकालय के सामने भूडारा बाजार में दो सांड लड़ते हुए आए और एडवोकेट साथी को अपनी चपेट में ले लिया।

कोर्ट में करेंगे इस्तगासा दायर
हादसे के बाद राहगीरों ने साथी एडवोकेट को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एडवोकेट कपिलदेव को गंभीर चोटें आने और पैर में फ्रैक्चर होने की वजह से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया है। इसके बाद कपिलदेव के साथी वकील प्रदीप जैन, नगेश बंसल, श्रीकांत शर्मा, दिनेश नरूका सहित 8-10 एडवोकेट कोतवाली थाने पहुंचे और प्रशासन और नगर परिषद की लापरवाही का परिवाद कोतवाली थाने में सौंपा। लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। एडवोकेट आशुतोष ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश है कि कोई भी परिवादी थाने में अपनी संबंधित समस्या का मामला दर्ज करा सकता है। लेकिन फिर भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इसको लेकर कोर्ट में इस्तगासा दायर किया जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications