क्रॉस वोटिंग वालीं MLA शोभारानी कुशवाहा की BJP से छुट्टी, पढ़िए निष्कासन पत्र में क्या-क्या लिखा गया?
जयपुर, 15 जून। राज्यसभा चुनाव 2022 में राजस्थान से क्रॉस वोटिंग करने और फिर पार्टी के खिलाफ बगावत पर उतरीं विधायक शोभारानी कुशवाहा की भाजपा से छुट्टी हो गई है। भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने पत्र जारी कर धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा को पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित करते हुए पार्टी की ओर से उनको दिए गए सभी दायित्वों से भी मुक्त कर दिया है।

क्रॉस वोटिंग के बाद नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा
पाठक के पत्र में विधायक शोभारानी कुशवाहा से कहा गया कि राज्यसभा चुनाव 2022 में 10 जून को क्रॉस वोटिंग के बाद आपको नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। जबाव 19 जून तक देना था, मगर स्पष्टीकरण देना तो दूर, आपने तो पार्टी नेतृत्व पर ही न केवल सवाल खड़े कर दिए बल्कि सार्वजनिक रूप से गलत आरोप लगाए हैं। बतौर पार्टी विधायक आपने अनुशासन की जिन सीमाओं को लांघा है। उस पर कार्रवाई अलग से की जाएगी।
Recommended Video

कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद तिवारी को वोट दे दिया था
बता दें कि एक मामले में अपने पति के जेल जाने के बाद धौलपुर उपचुनाव में जीतकर विधायक बनीं शोभारानी कुशवाहा ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम तिवारी की बजाय कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद तिवारी को वोट दे दिया था। इसे भाजपा आलाकमान ने गंभीरता से लिया और मतगणना के बाद विधायक शोभारानी कुशवाहा को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था।

शोभारानी कुशवाहा ने पार्टी प्रत्याशियों को हराने के आरोप लगाए
शोभारानी कुशवाहा ने 11 जून को मीडिया जरिए अपने पत्र में पांच बिन्दुओं पर बात रखी, जिसमें उनकी पार्टी के खिलाफ बगावत खुलकर सामने आई। शोभारानी कुशवाहा ने भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं पर ही पार्टी प्रत्याशियों को हराने के आरोप लगाए थे। यहां तक भी कह डाला कि था कि धौलपुर में उपचुनाव में वे भाजपा के पास टिकट लेने नहीं गईं बल्कि भाजपा नेता खुद उनके पास आए थे।
विधायक शोभारानी कुशवाहा का जीवन परिचय
बता दें कि शोभारानी कुशवाहा राजस्थान के धौलपुर से भाजपा विधायक हैं। इनका जन्म 6 मार्च 1974 को उत्तर प्रदेश के झांसी के बलदेव सिंह कुशवाहा के घर में हुआ। एमए की डिग्री हासिल करने वालीं शोभारानी कुशवाहा की शादी धौलपुर के बीएल कुश्वाहा के साथ हुई। इनके तीन बेटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications