राजस्थान में मिरासी एवं भिश्ती समुदाय के छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति, जानिए कितनी मिलेगी छात्रवृत्ति
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मिरासी और भिश्ती समुदाय के लिए छात्रवृत्ति योजना के प्रारूप का अनुमोदन किया है। इस योजना से मिरासी और भिश्ती समुदाय के परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
राज्य सरकार द्वारा मिरासी एवं भिश्ती समुदाय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने समुदाय के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के प्रारूप का अनुमोदन किया है। गहलोत के निर्णय से मिरासी एवं भिश्ती समुदाय के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। साथ ही युवाओं के शिक्षित होने से परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा तथा समुदाय का सामाजिक उत्थान भी होगा। प्रारूप के मुताबिक योजना में 2.50 लाख रुपये तक की पारिवारिक वार्षिक आय वाले मिरासी (ढाढ़ी, मीर, मांगणियार, दमामी, नगारची, लंगा, राणा) एवं भिश्ती समुदाय के विद्यार्थी पात्र होंगे। इसमें कक्षा 11 से स्नात्कोत्तर तक के 2000 विद्यार्थियों को 5000 से 20000 रुपये तक प्रति शैक्षणिक सत्र में छात्रवृत्ति दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में मिरासी एवं भिश्ती समुदाय के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए विभिन्न कार्यों की घोषणा की थी।













Click it and Unblock the Notifications