आजादी से पहले हिन्दू राष्ट्र की बात करके भी सावरकर ने कोई गलती नहीं की- गोविंद सिंह डोटासरा
जयपुर, 9 अगस्त। राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने वीर सावरकर को लेकर बड़ा बयान दिया है। डोटासरा ने कहा कि 'हम इनकार नहीं करते कि स्वतंत्रता आंदोलन में वीर सावरकर शामिल नहीं हुए। आजादी से पहले हिंदू राष्ट्र की मांग भी जायज थी। सावरकरजी, जो हिंदू राष्ट्र की बात करते थे। गुनाह नहीं करते थे।

अगस्त क्रांति दिवस पर जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विचार गोष्ठी और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान समारोह में गोविंद सिंह डोटासरा ने यह बात कही ।
हालांकि डोटासरा का यह बयान कांग्रेस की विचारधारा से मेल नहीं खाता है। अब बीजेपी डोटासरा के बयान का हवाला देकर सावरकर और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर कांग्रेस को घेर सकती है। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि उस वक्त हमारा देश आजाद नहीं हुआ था। उस वक्त हमारा संविधान लागू नहीं हुआ था।
आजादी से पहले अगर वह सावरकर हिंदू राष्ट्र की बात करते थे, तो गुनाह नहीं करते थे। देश आजाद हो गया और संविधान बन गया। सब धर्म-जाति के लोगों ने संविधान को स्वीकार कर लिया। उसके बाद उनकी विचारधारा को लेकर भाई से भाई को लड़ाने का षड़्यंत्र भाजपा-आरएसएस करते हैं। हम इनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे।
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि हमें यह समझना पड़ेगा कि सावरकरजी उस वक्त जेलों में गए। उसको कोई नकार नहीं रहा है, लेकिन जेलों में जाने के बाद उन्होंने अंग्रेजों को चार-चार बार दरख्वास्त दी।
उन्होंने अंग्रेजों को खुद के जेल से बाहर आने पर उपयोगिता समझाई। वे लोग किस-किस तरह की सूचनाएं अंग्रेजों को देते थे, वह भी सबको पता है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने इसलिए बलिदान नहीं दिए कि इस तरह के लोग सत्ता में आएं, जो हिटलरशाही कर रहे हैं। आज वे लोग राष्ट्रभक्त होने का दावा कर रहे हैं, जिनका आजादी के आंदोलन में योगदान नगण्य है।












Click it and Unblock the Notifications