REET 2023: RAS प्री पास साला दे रहा था जीजा की जगह रीट, प्रवीण बिश्नोई ने 40 लाख में किया सौदा
राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET) के पहले दिन 25 फरवरी को पूरे प्रदेश में डमी अभ्यर्थी व फर्जी पेपर लीक के अनेक मामले सामने आए हैं।

राजस्थान में शिक्षक भर्ती परीक्षा के पात्रता (रीट) 25 फरवरी से शुरू हो चुकी है, जो एक मर्च तक चलेगी। लेवल 1 व लेवल 2 के लाखों अभ्यर्थी शिक्षक बनने के लिए भाग्य आजमा रहे हैं। पहले दिन राजस्थान में डमी अभ्यर्थी व पेपर लीक के मामले में सामने आए। करीब चार दर्जन आरोपियों को पकड़ा गया है। अकेले जोधपुर से 37 की गिरफ्तारी हुई है।
भरतपुर जिले में जीजा की जगह साला रीट परीक्षा देता पकड़ा गया है। रीट की पहली पारी में डमी कैंडिडेट बनकर बैठे धीरज पर शक होने पर अधीक्षक ने उससे पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि वह अपने जीजा की जगह परीक्षा दे रहा था।
Recommended Video

डमी कैंडिडेट धीरज धौलपुर के राजाखेड़ा का रहने वाला है। धीरज राजस्थान प्रशासनिक सेवा की प्री परीक्षा पास कर चुका है। मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इस बीच रीट 2023 में धीरज अपने धौलपुर के रहने वाले जीजा राहुल की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया।
इधर, जोधपुर पुलिस ने शनिवार सुबह पांच बजे उदयगढ़ मैरिज पैलेस में दबिश दी। यहां पर परीक्षार्थियों से रीट का फर्जी पेपर हल करवाया जा रहा था। पुलिस ने पांच मुख्य आरोपी, 30 परीक्षार्थी व होटल के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इस पेपर से एक भी प्रश्न का मिलान नहीं हुआ।
जोधपुर पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़ ने बताया कि 5 मुख्य आरोपियों ने 40 लाख रुपए में सांचौर के प्रवीण बिश्नोई से पेपर खरीदा था। इसके बदले उसे 10 लाख रुपए एडवांस भी दिए। खुद प्रवीण ने भी प्रथम पारी में रीट परीक्षा दी। प्रवीण की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
पकड़े गए मुख्य आरोपियों की पहचान सांचौर निवासी सुरेश जाट, जालोर निवासी मुकेश जोशी, श्यामसुंदर, शिवकरण जाट और रामेश्वर जाट के रूप में हुई है। जोधपुर पुलिस ने उदयगढ़ मैरिज गार्डन के मैनेजर महेंद्र जाट व मालिक स्वर्ण कुमार को भी आरोपी बनाया है।
इधर, जयपुर में मुरलीपुरा पुलिस थाना इलाके में 12 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े हैं। इनमें महिला संगीता बिश्नोई भी शामिल है, जो सांचौर में सरकारी शिक्षिका है। उसने 15 लाख रुपए में सौदा किया था। भरतपुर, अलवर और जोधपुर में भी 5 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications