Ram Mandir Inauguration: राम लला के प्राण प्रतिष्ठा की धूम मॉस्को में भी, जानिए क्या होंगे सांस्कृतिक आयोजन
Ram Mandir Inauguration: भारत इस समय राम नाम की धुन में मगन है। राम मंदिर के लिए लगातार कहीं न कहीं से कुछ चढ़ावा पहुँच रहा है। दुनियाभर में बसे भारत से जुड़े लोग और सनातन धर्म को मानने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को उत्सव की तरह मना रहे हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम इस महीने की 22 जनवरी को हो रहा है। कुछ ही दिनों पहले अमेरिका में मंदिरों को मिलाती हुई रैली निकाली गई थी। वहां भी 22 जनवरी को भारतवंशियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
इसी तरह के आयोजन रूस में भी हो रहे हैं। रूस में भारतीय समाज के बहुत सारे लोग रचे-बसे हैं। ऐसे में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के कार्यक्रम आयोजन वहां भी हो रहा है। भारत-रूस मैत्री संघ दिशा के संस्थापक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि भारतीय दूतावास और समुदाय के सहयोग से आगामी 22 जनवरी को एक कार्यक्रम ढाबा 146 में रखा गया है। आपको बता दें कि अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर दिशा संस्था रुसी कलाकारों की मंडली लेकर आई थी।जिसका स्वागत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 22 जनवरी को हो रहे आयोजन में रूस में भारत के राजदूत पवन कपूर और जवाहरलाल सांस्कृतिक केंद्र मॉस्को की निदेशिका मधुर कंकणा रॉय भी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में भारत से जुड़े अनेक प्रवासी परिवार शामिल होंगे।
राम लाल के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 22 जनवरी को भारत रूस मैत्री संघ दिशा द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शाम 7 बजे ढाबा 146 में श्री राम आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ आध्यात्मिक आनंद, सामूहिक भोज, श्री राम भजन और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामलीला का प्रदर्शन और भगवान राम से जुड़े अनेक वीडियो की प्रस्तुति दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications