Rajya Sabha Election 2022 : 5 BJP विधायकों के वोट 'खारिज', राजस्थान में कौन हैं गेम चेंजर MLA?
जयपुर, 9 जून। राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए 10 जून 2022 को मतदान होगा। राज्यसभा चुनाव 2022 को देखते हुए भाजपा कांग्रेस ने पार्टी व समर्थक विधायकों की होटलों में बाड़बंदी कर रखी है। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान राजस्थान विधानसभा में होगा, जिसके लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष तैयारी की है।

राजस्थान विधानसभा में सुबह नौ बजे शुरू होगा मतदान
मीडिया से बातचीत में मुख्य निवार्चन अधिकारी ने बताया कि राजस्थान में 4 जुलाई 2022 को रिक्त हो रही राज्यसभा की चार सीटों के लिए दस जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान के एक घंटे बाद मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 13 जून को संपन्न हो जाएगी।

कांग्रेस के पास भाजपा से ज्यादा विधायक
वोटिंग से पहले बाड़ेबंदी में राजस्थान भाजपा की टेंशन उस वक्त बढ़ गई जब मॉक ड्रिल में पांच विधायकों के वोट खारिज हो गए जबकि दो सीटों (एक पर निर्दलीय प्रत्याशी) पर कब्जा जमाने के मकसद से चुनाव मैदान में उतरी भाजपा के लिए एक-एक वोट बेहद कीमती है, क्योंकि विधायकों की संख्या के लिहाज से कांग्रेस का पलड़ा भारी है।

इन विधायकों के वोट हुए खारिज
मॉक पोल में जिन पांच BJP विधायकों के वोट खारिज हुए हैं, उनमें सूर्यकांता व्यास, पूराराम चौधरी जैसे अनुभवी विधायक व पहली बार विधायक बने हरेंद्र निनामा शामिल हैं। इसके बाद जब दोबारा मॉक पोलिंग करवाई गई तो फिर दो विधायक गलती कर बैठे। गुरुवार को तीसरी बार मॉक पोल हो सकता है।

भाजपा-कांग्रेस विधायकों की बाड़ाबंदी
बता दें कि भाजपा ने विधायकों की जयपुर के जामडोली स्थित रिसोर्ट और कांग्रेस ने उदयपुर के होटल में विधायकों की बाड़बंदी कर रखी है। कांग्रेस अपने विधायकों को जयपुर में ही मतदान का प्रशिक्षण देगी जबकि भाजपा जिन विधायकों के वोट खारिज हुए उन्हें विशेष प्रशिक्षण दे रही है।

कैसे चुने जाते हैं राज्यसभा सदस्य?
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सांसद चुनने के लिए आम मतदाता लोकसभा चुनाव की तरह मतदान नहीं करता बल्कि मतदाताओं द्वारा चुने हुए विधायकों के वोटों से राज्यसभा सांसद चुने जाते हैं। इसके लिए विधायक वोट करते हैं। उदारहण से समझिए कि राजस्थान का कोई भी विधायक अपने यहां खाली हो रही चार सीटों मतदान करेगा तो उसके वोट को केवल एक बार ही गिना जाता है। इसलिए हर पार्टी को विधायकों के वोट के लिए प्राथमिकता तय करनी होती है जिसके आधार पर ही वह अपना मत देते हैं। वोटिंग के दौरान यह बताना होता है कि उनकी पसंद की लिस्ट में पहले और दूसरे स्थान पर कौन हैं फिर जिस उम्मीदवार को ज्यादा वोट मिलते हैं वह जीतता है।

राज्यसभा चुनाव में वोट खारिज कैसे होते हैं?
बता दें कि राज्यसभा सांसद के लिए वोटिंग में चुनाव आयोग की ओर से बैंगनी कलर की स्याही का पेन रखा होता है जिससे ही वोटिंग करनी होती है। ऐसे में अगर दूसरी स्याही इस्तेमाल की जाती है तो वोट खारिज कर दिया जाता है। इसके साथ ही राज्यसभा में विधायक अपनी पार्टी के किसी प्रतिनिधि को दिखाकर वोट डालता है या दूसरी पार्टी के विधायक को वोट दिखा दिया तो वह वोट भी खारिज हो जाता है।

राजस्थान राज्यसभा चुनाव 2022 में वोटों का गणित
बता दें कि राजस्थान में 200 विधायक हैं। राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान होना है। प्रत्येक सीट के लिए 41 मत की दरकार है। राजस्थान में कांग्रेस के 108, भाजपा के 71, आरएलपी के 3, बीटीपी के दो, सीपीआई के दो, आरएलडी का एक व निर्दलीय 13 हैं। 41 विधायकों के हिसाब से कांग्रेस को तीन सीटों के लिए 123 और भाजपा को दो सीट जीतने के लिए 82 विधायकों की जरूरत है।

चौथी सीट पर ऐसे फंसेगा पेंच
बता दें कि Rajya Sabha Election 2022 Rajasthan में कांग्रेस ने मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी और भाजपा ने घनश्याम तिवारी और समर्थित निदलीय सुभाष चंद्रा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस दो और भाजपा एक सीट तो आसान से जीत लेगी, मगर चौथी सीट पर पेंच फंसेगा। कांग्रेस तीसरी और भाजपा को दूसरी सीट जीतने के लिए पार्टी विधायकों के अलावा 15 और भाजपा को 11 विधायकों के वोट चाहिए।

राज्यसभा चुनाव 2022 में राजस्थान के गेम चेंजर विधायक
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव 2022 में आरएलपी, बीटीपी, सीपीआई, आरएलडी और निर्दलीय विधायक गेम चेंजर की भूमिका में हैं। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी विधायकों के वोट भाजपा को मिल सकते हैं जबकि बीटीपी, सीपीआई व आरएलडी विधायकों का समर्थन कांग्रेस को बताया जा रहा है। शेष 13 निर्दलीय को लेकर दोनों ही पार्टी अपनी तरफ झुकाव का दावा कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications