Rajasthan Students Election : बागी निहारिका जोरवाल 6 छात्र नेता NSUI से निष्कासित, मतगणना में बनाई बढ़त
जयपुर, 27 अगस्त। राजस्थान छात्रसंघ चुनाव 2022 में बागी निहारिका जोरवाल समेत 6 छात्र नेता NSUI से निष्कासित कर दिया गया है। टिकट नहीं मिलने से बगावत करके निर्दलीय के रूप में राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष पद के लिए ताल ठोंकने वाली निहारिका जोरवाल का चुनाव परिणाम चौंकाने वाला रह सकता है। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री मुरारी लाल मीणा की बेटी निहारिका आरयू में अब तक की मतगणना में आगे चल रही है। दूसरे नंबर पर निर्दलीय निर्मल चौधरी है। वहीं, एबीवीपी के नरेंद्र यादव और एनएसयूआई रितु बराला भी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं।

बता दें कि निहारिका की एनएसयूआई के प्रत्याशी के रूप में एनवक्त पर टिकट कट गया और मौका रितु बराला को मिला। इस पर निहारिका ने कहा कि उनके पिता सचिन पायलट गुट के होने के कारण उनको टिकट नहीं दिया, मगर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमाने का फैसला लिया।
एनएसयूआई से बगावत करने पर पार्टी ने निहारिका जोरवाल के साथ-साथ छात्र नेता अरविन्द सिंह भाटी, प्रताप भानु, आलोक शर्मा, सुन्दर बैराग, अशोक बुरिया को भी निष्कासित कर दिया। दोपहर तक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि बागी बनकर निहारिका ने बाजी पलट दी या उनका छात्र राजनीति में यह दांव गलत साबित होगा।
बता दें कि कोरोना महामारी के कारण बीते दो साल से राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए थे। अब साल 2022 में हुए चुनाव में छात्र छात्राओं का उत्साह देखते बना। 26 अगस्त को कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ। आज मतों की गिनती की जा रही है। सीकर, चूरू, भरतपुर समेत कई जगहों पर चुनाव परिणाम घोषित भी कर दिए गए हैं।

कहां से कौन जीता?
जयपुर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : महारानी कॉलेज में मानसी अध्यक्ष पद पर जीती हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कपिसा, महासचिव पद पर ज्योति राठौड़ और संयुक्त सचिव पद पर शहनाज बानो विजेता घोषित की गई हैं। राजस्थान कॉलेज से लक्ष्यराज चुण्डावत अध्यक्ष पद पद चुने गए हैं। राहुल चौधरी, उपाध्यक्ष, राहुल कुमार मीणा- जनरल सेकेटरी, संयुक्त सचिव पर रोहित चौधरी ने जीत दर्ज की है। महाराजा कॉलेज में संदीप गुर्जर- अध्यक्ष, गोविंद सिंह- उपाध्यक्ष, सार्थक- महासचिव, अतुल शर्मा- संयुक्त सचिव बने हैं। राजस्थान यूनिवर्सिटी 5 इयर लॉ में अभय चौधरी- अध्यक्ष, अंकित जिंदल- महासचिव, मनजीत चौहान- उपाध्यक्ष, तनु जिंदल- संयुक्त सचिव पद पर विजयी रहे। जयपुर कॉमर्स कॉलेज में आदित्य शर्मा, अध्यक्ष, आशीष महावर, उपाध्यक्ष, विशेष चंदोलिया, महासचिव, विजय शर्मा, संयुक्त सचिव बने हैं।
भरतपुर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : भरतपुर के महाराज सूरजमल ब्रज यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के हितेष फौजदार को विजयी घोषित किया गया है। उन्होंने एनएसयूआई के पुष्पेंद्र व निर्दलीय राहुल शर्मा को हराया।
कोटा छात्रसंघ चुनाव परिणाम : कोटा के जेडीबी साइंस कॉलेज में NSUI की अंजलि मीणा ने जीत दर्ज की है। अंजलि को 443 और निर्दलीय नीलू मीणा को 35 वोट मिले।
धौलपुर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : धौलपुर के लॉ कॉलेज में एबीवीपी के राहुल जाट ने एनएसयूआई के हर्ष मुद्गल को हराया है। गर्ल्स कॉलेज में एनएसयूआई की शिवानी शर्मा ने एबीवीपी की तनु परिहार को 104 वोट से शिकस्त दी है।जैसलमेर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : जैसलमेर के मिश्रीलाल सांवल कॉलेज में NSUI का पैनल जीता।
उदयपुर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : उदयपुर के कॉमर्स कॉलेज से मूमल चूंडावत ने जीत दर्ज की है। जयपुर के महाराजा कॉलेज में संदीप गुर्जर ने अध्यक्ष पर जीत हासिल की है। गोविंद सिंह उपाध्यक्ष, सार्थक महासचिव और अतुल शर्मा ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की।
चूरू छात्रसंघ चुनाव परिणाम: चूरू के गर्ल्स कॉलेज में NSUI की जया शर्मा ने एबीवीपी की वर्षा ठठेरा को 19 वोटों से हरा दिया है। कन्या कॉलेज में कुल 156 मतदान में से जया शर्मा को 84 वोट मिले, जबकि वर्षा ठठेरा को 65 वोट मिले।
सीकर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : सीकर के कटराथल स्थित शेखावाटी विश्वविद्यालय के पहले अध्यक्ष SFI के विजेंद्र कुमार ढाका बने हैं। इन्होंने 25 वोट से जीत दर्ज की है। शेखावाटी यूनिवर्सिटी से पूरा SFI का पैनल जीता है। उपाध्यक्ष जय कुमार 43 वोट, महासचिव रेहान 21 वोट से जीते है। संयुक्त सचिव ओमप्रकाश डूडी निर्विरोध जीते है।
अलवर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : अलवर की मत्स्य विश्वविद्यालय में निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्र गुर्जर को विजेता घोषित किया गया है। यहां एबीवीपी और एनएसयूआई ने कोई प्रत्याशी खड़ा नहीं किया था। यहां सिर्फ 131 वोट थे। सुभाष गुर्जर 8 वोटों से जीते हैं।
सवाई माधोपुर छात्रसंघ चुनाव परिणाम : सवाई माधोपुर गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सावित्री गुर्जर अध्यक्ष पद पर 16 मतों से विजयी।
दौसा छात्रसंघ चुनाव परिणाम : दौसा महिला कालेज में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की यतिका शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर फोरंती मीना, महासचिव पद पर ममता सैनी निर्विरोध और संयुक्त सचिव पर मुस्कान बानो जीतीं।
बांसवाड़ा छात्रसंघ चुनाव परिणाम: बांसवाड़ा के गोविंद गुरु ट्राइबल यूनिवर्सिटी के केंद्रीय छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने बाजी मारी है। यहां परिषद के प्रत्याशी सुनील सुरावत ने ST/SC व NSUI गठबंधन के उम्मीदवार भगवतीलाल कटारा को हराकर मैदान जीता है। अध्यक्ष पद के सुरावत को 180, गठबंधन के कटारा को 51 व भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार को राहुल डामोर को 82 वोट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications