राजस्थान खेल मंत्री अशोक चांदना के बदले सुर, CM अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद लिया यू-टर्न
जयपुर, 28 मई। राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने सियासी भूचाल ला देने वाले ट्वीट के 24 घंटे के भीतर ही यू-टर्न ले लिया है। अब मंत्री अशोक चांदना के सुर बदल गए हैं। सीएम अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद अशोक चांदना ने दूसरे ट्वीट में लिखा-'मुख्यमंत्री से सभी विषयों पर सार्थक और लंबी चर्चा हुई. वे राजस्थान कांग्रेस परिवार के अभिभावक हैं, जो निर्णय करेंगे वो सही करेंगे. बीजेपी अपना घर देखे, कांग्रेस परिवार मिशन 2023 के लिए एकजुट और लामबंद है।'

मंत्री अशोक चांदना ने इस्तीफे की पेशकश की
हुआ यूं कि 26 मई की रात को ट्वीट कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रधान सचिव आईएएस कुलदीप रांका पर आरोप लगाया कि वे उनके विभागों के कामकाज में दखल देते हैं। ऐसे में खेल मंत्री अशोक चांदना ने इस्तीफे की पेशकश की थी।

टेंशन में आकर ट्वीट किया होगा-CM
दूसरे दिन शुक्रवार को खेल मंत्री अशोक चांदना के ट्वीट के बाद राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि चांदना ने किसी टेंशन में आकर ट्वीट किया होगा। इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। मालूम हो कि अशोक चांदना से पहले कई विधायक और मंत्री भी अफसरशाही से अपनी नाराजगी दिखा चुके हैं।

चार घंटे के इंतजार के बाद सीएम गहलोत से मिले
ट्वीट के बाद सीएम ने अशोक चांदना को मुलाकात के लिए बुलाया। मंत्री शुक्रवार को दोपहर को बूंदी से जयपुर पहुंचे। चार घंटे के इंतजार के बाद शाम छह बजे वे सीएम गहलोत से मिले। इसके बाद अशोक चांदना ने यू-टर्न लिया और रात को बहले हुए सुर में दूसरा ट्वीट किया।

कौन हैं अशोक चांदना?
बता दें कि अशोक चांदना राजस्थान के बूंदी जिले की हिंडोली से विधायक हैं। अशोक चांदना सीएम अशोक गहलोत के करीबी नेताओं में से एक हैं। इनके पास युवा एवं खेल मामलात, कौशल विकास, डीआईपीआर, आपदा प्रबंधन और पॉलिसी प्लानिंग जैसे अहम विभाग हैं। यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

कौन हैं आईएएस कुलदीप रांका?
बता दें कि 1994 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस कुलदीप रांका सीएम अशोक गहलोत के भरोसेमंद अफसरों में से हैं। इसकी एक वजह यह भी हो सकती है कि कुलदीप रांका आईएएस गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा (सरदारपुरा) के रहने वाले हैं। रांका का जन्म पांच जनवरी 1972 को हुआ।
राजस्थान सरकार में प्रमुख सचिव कुलदीप रांका का पैतृक निवास पहले जोधपुर के भीतरी शहर में हुआ करता था। वर्तमान में इनका परिवार सरदारपुरा में रहता है। ये स्कूली समय से ही प्रतिभावान रहे हैं। अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी पास करके आईएएस बने गए थे। रांका ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।












Click it and Unblock the Notifications